मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 7 जून। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी)जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र के कुंवारपुर चौकी अंतर्गत भूतहिया नाला के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
शनिवार को सूचना मिलते ही पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से एक टोपी, दो अलग-अलग स्थानों पर जूते तथा एक इलेक्ट्रिसिटी वायर बरामद हुआ है। वहीं आसपास घसीटने के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका और गहरा गई है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया हो।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


