मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 26 मई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई मनेंद्रगढ़ के कार्यकर्ताओं ने खेल क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नगर एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में परिषद से जुड़े प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया तथा राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित कर नई उपलब्धि दर्ज की।
प्रतियोगिता में सरिता सिंह, नगर सहमंत्री, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई मनेंद्रगढ़ एवं (खेलो भारत प्रांत टोली सदस्य, छत्तीसगढ़) ने अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट गोल्ड प्राप्त किया। वहीं अभिषेक सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सेकंड गोल्ड हासिल किया तथा पारस ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फस्र्ट गोल्ड प्राप्त कर मनेंद्रगढ़ को गौरवान्वित किया।
खिलाडिय़ों की सफलता से नगर एवं जिले में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं युवाओं ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे नगर, संगठन एवं युवा शक्ति के लिए प्रेरणा का प्रतीक है।
विद्यार्थी परिषद ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में ये प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मनेंद्रगढ़, छत्तीसगढ़ एवं संगठन का नाम पूरे देश में रोशन करेंगी। परिषद सदैव छात्र-युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करती रहेगी।


