मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

भालू के हमले से पीडि़त महिला के घर पहुंचेगी मेडिकल बोर्ड की टीम
20-May-2026 6:13 PM
भालू के हमले से पीडि़त महिला के घर पहुंचेगी मेडिकल बोर्ड की टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 20 मई। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने संवेदनशीलता का उदाहरण पेश करते हुए ग्राम चिडोला की प्रेमबाई गोंड को घर पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। प्रेमबाई पिछले वर्ष भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

ज्ञात हो कि 20 जून 2025 को भालू के हमले में प्रेमबाई की एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।  शारीरिक अक्षमता और कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण प्रेमबाई के लिए बार-बार अस्पताल और दफ्तरों के चक्कर लगाना संभव नहीं था। उन्हें वन विभाग से मिलने वाली बीमा सहायता और अन्य शासकीय लाभों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने मामले का संज्ञान लिया और निर्देश दिए कि पीडि़त महिला को असुविधा न हो। इसके तहत जिला मेडिकल बोर्ड की टीम स्वयं बुधवार को ग्राम चिडोला पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करेगी।  मौके पर ही दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने की कार्यवाही की जाएगी।

प्रशासन के इस निर्णय से प्रेमबाई को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन का पीडि़तों की समस्याओं के प्रति यह मानवीय दृष्टिकोण अत्यंत सराहनीय है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि असहाय और जरूरतमंद नागरिकों तक सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।


अन्य पोस्ट