मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

दिनदहाड़े कार का कांच तोड़ लाखों से भरा बैग पार
15-May-2026 2:59 PM
दिनदहाड़े कार का कांच तोड़ लाखों से भरा बैग पार

फरार आरोपियों पर 5 हजार का इनाम घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 15 मई। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी)जिले के  जनकपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की कार का कांच तोडक़र साढ़े 4 लाख नगदी से भरा बैग चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों की पहचान करने और उन पर 5 हजार का इनाम घोषित करने की जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार, कोटाडोल क्षेत्र निवासी ध्रुव कुमार यादव ग्राम बरौता में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करता है। बताया गया कि गुरुवार दोपहर को वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जनकपुर शाखा से 4 लाख 25 हजार निकालकर लौट रहा था। नगदी एक बैग में रखी गई थी, जिसमें पहले से 22 हजार मौजूद थे। इस प्रकार बैग में कुल 4 लाख 47 हजार रुपये रखे हुए थे। शिकायत के मुताबिक, बैंक से निकलने के बाद वह स्टेबलाइजर खरीदने के लिए एक दुकान पर रुका और कार लॉक कर दुकान की ओर चला गया। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने कार का शीशा तोडक़र सीट पर रखा बैग निकाल लिया।

महज पांच मिनट के भीतर हुई इस वारदात का पता तब चला, जब ध्रुव कुमार यादव वापस कार के पास पहुंचा। कार का टूटा हुआ कांच और गायब बैग देखकर घटना की सूचना तत्काल जनकपुर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

 सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका है कि आरोपियों ने बैंक से ही गतिविधियों पर नजर रखी थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की है।

पुलिस द्वारा जिन लोगों की पहचान की गई है, उसमें पिंटू यादव बिहार, सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर अनूपपुर, मध्यप्रदेश शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों घटना के बाद से फरार हैं।

 इनाम घोषित

थाना जनकपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 98/2026 में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर रत्ना सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5,000 के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस की अपील

एएसआई किशन कुमार चौहान ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के दौरान सतर्क रहें और नकदी वाहन में छोडक़र न जाएं।


अन्य पोस्ट