मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 5 मई। देश में लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के नेतृत्व में रविवार को मनेंद्रगढ़ के पीडब्ल्यूडी चौक में महिला कांग्रेस द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सडक़ों पर उतरीं और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा। तख्तियों पर महंगाई विरोधी संदेश लिखे हुए थे, जिनके माध्यम से आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को उजागर किया गया।
महिला कांग्रेस नेत्रियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण पाने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता की समस्याओं से ध्यान हटाकर सरकार केवल दिखावटी मुद्दों पर काम कर रही है, जबकि रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विरोधी नारे लगाते हुए महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार से तुरंत राहत देने की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व नपा उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष (शहरी) रूमा चटर्जी, महिला जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) निर्मला चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। प्रदर्शन के अंत में नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस द्वारा आगे और भी उग्र आंदोलन किए जाएंगे।


