मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 21 अप्रैल। कोरिया जिले के थाना बैकुंठपुर क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस जांच के अनुसार ग्राम ठगगांव निवासी 21 वर्षीय विजेंद्र खैरवार की मौत के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना 24 फरवरी 2026 की है। विजेंद्र खैरवार मोहल्ले में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां से वह अचानक लापता हो गया। जांच के दौरान सामने आया कि डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस के अनुसार, रमेश साहू और नंदू उर्फ नंद किशोर यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजेंद्र को जबरन पिकअप में बैठाया और उसके साथ मारपीट की। बताया गया है कि मारपीट और भय के कारण विजेंद्र ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। यही चोट उसकी मृत्यु का कारण बनी।
मामले में पुलिस ने अपहरण और हत्या से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें घटना की पुष्टि हुई। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


