मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 20 अप्रैल। कोरिया जिले में अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12.35 बजे जूनापारा बैकुंठपुर से बारात लौट रही एक स्कॉर्पियो ग्राम चेर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में छह युवक सवार थे। हादसे में चिरमिरी सोनावनी निवासी आर्यन सोनवानी और कुलदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक अकरम खान तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिससे दुर्घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक अन्य घटना में बैकुंठपुर के एनएच-43 स्थित जमगहना मोड़ के पास दो कारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया है, जहां एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रायपुर रेफर किया गया है।
इसके अलावा, एक ट्रैक्टर दुर्घटना में एक युवक और एक अन्य सडक़ हादसे में एक महिला की मौत होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।


