मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

मनेंद्रगढ़ छात्रावास में बदहाल व्यवस्था, अभाविप का अल्टीमेटम
20-Apr-2026 8:07 PM
मनेंद्रगढ़ छात्रावास में बदहाल व्यवस्था, अभाविप का अल्टीमेटम

7 दिन में सुधार नहीं तो उग्र आंदोलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 20 अप्रैल
। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मनेंद्रगढ़ इकाई द्वारा अनुसूचित जनजाति छात्रावास में व्याप्त गंभीर समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा गया।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले छात्र मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या एवं शैक्षणिक गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया, जिनमें छात्रावास परिसर में बोरवेल का अभाव, स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की कमी तथा भीषण गर्मी के बावजूद वाटर कूलर की अनुपलब्धता शामिल है।
नगर मंत्री बिजेंद्र मिश्रा ने कहा छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं का अभाव अत्यंत गंभीर विषय है। विद्यार्थियों को पानी जैसी आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जो प्रशासन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो परिषद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

नगर सह मंत्री महेश कौशिक ने कहा -भीषण गर्मी में छात्रों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को इस विषय को प्राथमिकता में लेकर तत्काल समाधान करना चाहिए, अन्यथा छात्रहित में आंदोलन किया जाएगा।परिषद ने स्ष्ठरू से मांग की है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
 


अन्य पोस्ट