मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
हिंसक वनप्राणी की गांवों में आवाजाही से ग्रामीण भयभीत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 10 अप्रैल। वन मंडल मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत जनकपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत महदौली के ग्राम बरछा (मैरटोला) में तेंदुए के हमले से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे रामसरण बैगा (42 वर्ष) अपने खेत में अरहर की फसल काट रहे थे। तभी खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रामसरण के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भागा और पास ही गेहूं की कटाई कर रहे विजय सिंह (45 वर्ष) पर भी हमला कर दिया। इस हमले में विजय सिंह के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों घायल किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि न तो मौके पर कोई अधिकारी पहुंचा और न ही घायलों को कोई तत्काल सहायता राशि दी गई। मजबूरी में दोनों घायलों को अपने निजी खर्च पर इलाज कराना पड़ रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ खेतों और गांव के आसपास लगातार देखा जा रहा है, जिससे लोग खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।
जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. राजीव रमन के अनुसार दोनों घायल मरीजों को इमरजेंसी में लाया गया था। दोनों लोगों पर तेंदुए ने हमला किया है और उन्हें नाखून से चोटें आई हैं। एक के पैर और दूसरे के चेहरे पर गंभीर घाव हैं। दोनों का इलाज जारी है।
इस संबंध में प्रभारी डिप्टी रेंजर बृजेश जगत का कहना है कि दोनों ग्रामीणों को मामूली खरोच जैसा निशान है जिसका अस्पताल में उपचार हुआ है, तेंदुए हमले की कोई पुष्टि नहीं है। ग्रामीणों का बेबुनियाद है।
स्थानीय निवासी रामकरण सिंह (स्थानीय निवासी) ने बताया कि तेंदुआ देखने में बड़ा होता है, लेकिन हमला करते समय सिकुड़ कर छोटा हो जाता है, जिससे लोग उसे पहचान नहीं पाते। इसी वजह से रामसरण पर अचानक हमला हुआ। घायल रामसरण बैगा ने बताया कि वे अरहर की कटाई कर रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उनके पैर पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर वह भाग गया और दूसरे व्यक्ति पर हमला कर दिया। घायल विजय सिंह ने बताया कि वे खेत में गेहूं काट रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उनके चेहरे को घायल कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग की ओर से अब तक कोई मदद नहीं मिली है।


