मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

स्वास्थ्य मंत्री ने किया फिजियोथेरेपी कॉलेज का भूमिपूजन, इसी सत्र से पढ़ाई शुरू होने की तैयारी
04-Apr-2026 6:34 PM
 स्वास्थ्य मंत्री  ने किया फिजियोथेरेपी कॉलेज का भूमिपूजन, इसी सत्र से पढ़ाई शुरू होने की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 4 अप्रैल। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में फिजियोथेरेपी कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को आमाखेरवा ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज भवन का भूमिपूजन किया। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1393.71 लाख रुपये है।

कॉलेज में फिजियोथेरेपी के स्नातक पाठ्यक्रम की 50 सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई शुरू करने की योजना है। स्थायी भवन के निर्माण तक इसका संचालन झगराखांड स्थित सिंधी कालरी एजुकेशन सोसाइटी परिसर में किया जाएगा। इस संबंध में एसईसीएल से एमओयू भी कर लिया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुविधाओं के विस्तार का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी कॉलेज के माध्यम से स्थानीय स्तर पर पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होगी और छात्रों को अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

परियोजना से जुड़े प्रमुख बिंदु- कॉलेज भवन निर्माण के लिए लगभग 2 हेक्टेयर भूमि आवंटित

- निर्माण एजेंसी: छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन। प्रस्तावित पाठ्यक्रम: फिजियोथेरेपी स्नातक (50 सीटें)।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपादेवी पावले, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर डी. राहुल वेंकट और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। यह परियोजना क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक कदम मानी जा रही है।


अन्य पोस्ट