मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेद्रगढ़, 17 मार्च। ‘स्वस्थ मनेद्रगढ़, खुश मनेद्रगढ़’ के सामुदायिक सद्भावना एवं उत्तम स्वास्थ्य के लिए समर्पित 18वीं बटालियन के कमांडेंट संजय शर्मा के निर्देशन में आयोजित एरोबिक एवं जुंबा क्लास का शुभारंभ स्व. बिसाहू दास महंत पार्क में किया गया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, एवं समाज सेविका अनीता फरमानिया, पतंजलि योग समिति के जिला योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय, छत्तीसगढ़ योगासन फेडरेशन के युवा योग प्रशिक्षक विवेक कुमार तिवारी एवं स्वयंसेवी संस्था वी क्लब की महिला पदाधिकारी सदस्य, 18वीं बटालियन के समस्त पुलिस जवान बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे सम्मिलित हुए।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में एरोबिक एवं जुंबा संगीत क्लास के माध्यम से सैकड़ों लोगों को उत्तम स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस के लिए प्रेरित करने वाले कमांडिंग ऑफिसर एवं पूर्व जॉइंट कमिश्नर (रोड एंड सेफ्टी आईजी ट्रैफिक )संजय शर्मा ने कहा कि -फिटनेस के लिए शुरू की गई यह एरोबिक्स प्रशिक्षण पूर्णतया नि:शुल्क है एवं यह प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रात: 6 बजे पार्क में नियमित रूप से संचालित होगी। मनेद्रगढ़ में सार्वजनिक रूप से प्रथम बार संगीत के विभिन्न एक्सरसाइज सॉन्ग के स्टेपिंग के आधार पर शारीरिक व्यायाम और फिटनेस के लिए यह एरोबिक क्लास प्रारंभ की गई है।
इस अवसर पर वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा के इस उत्तम स्वास्थ्य के लिए आयोजित होने वाले इस आयोजन एवं व्यवस्था में पूर्ण सहयोग देने के लिए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल एवं अनीता फरमानिया तथा अन्य सक्रिय सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।




