मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
एमसीबी प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 16 मार्च। एमसीबी जिला प्रेस क्लब द्वारा वर्ष 2026 के लिए द्वितीय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रविवार की शाम मनेंद्रगढ़ स्थित होटल हसदेव इन में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में शपथ अधिकारी के रूप में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एमसीबी राजेंद्र कुमार वर्मा एवं सत्र न्यायाधीश मनेंद्रगढ़ विवेक तिवारी, लोकेश कुमार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एमसीबी, नगर निगम चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, नपाध्यक्ष मनेंद्रगढ़ प्रतिमा यादव, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा एवं एमसीबी प्रेस क्लब के अध्यक्ष पत्रकार रंजीत सिंह विशिष्ट रूप से मंचासीन रहे।
मंचासीन अतिथियों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित पार्षद नीलू जायसवाल, माया सोनकर, सुनयना विश्वकर्मा, चेंबर ऑफ कॉमर्स उपाध्यक्ष पंकज जैन, चेंबर प्रदेश मंत्री संजीव ताम्रकार, कैट जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, जिला शिक्षाधिकारी आरपी मिरे, 18वीं बटालियन कमांडेंट संजय शर्मा,, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रतिमा पटवा, गौतम दुग्गड़, संजीव गोयल, अतिरिक्त लोक अभियोजक गोपाल सिंह, प्रेस क्लब के कानूनी सलाहकार अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी एवं अधिवक्ता सूरजभान सिंह, जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ऑफ कोरिया के जिलाध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, जिला जनसंपर्क अधिकारी लोकेश नेताम, संजय सेंगर, शैलेष जैन एवं डॉ. एसके सिन्हा आदि का प्रेस क्लब के सदस्यों द्वारा बैच लगाकर स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
स्वागत भाषण प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष अरूण श्रीवास्तव ने दिया एवं अतिथियों का स्वागत विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत के साथ किया गया। शपथ अधिकारी के रूप में न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार वर्मा एवं विवेक तिवारी के द्वारा निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारी क्लब के संरक्षक श्रीकांत शुक्ला, रमन सिंह, विनय पांडेय, विनोद तिवारी, सलाहकार रफीक मेमन, द्रोणाचार्य दुबे, अविनाश चंद्र, गोपाल गुप्ता, अध्यक्ष रंजीत सिंह, सचिव गुरदीप अरोरा, कोषाध्यक्ष अरूण श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष धीरेंद्र विश्वकर्मा, सरवर अली, विनीत जायसवाल, संयुक्त सचिव सुरेश मिनोचा, दुलाल डे, देवेंद्र पांडेय, सह सचिव नसरीन असरफी, सुनील शर्मा एवं प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य रामप्रसाद गुप्ता, राजीव वर्मा, प्रवीण निशी, श्रीराम बरनवाल, राजेश सिन्हा को पत्रकारिता के उच्च मापदंडों का पालन करते हुए संगठन के लिए पूरी पारदर्शिता से सत्यनिष्ठा व ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि हमारे देश में न्यायपालिका और प्रेस स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने लोकतंत्र के सभी स्तंभों की बारी-बारी से व्याख्या करते हुए समाज निर्माण में प्रेस की अहम भूमिका बताई और कहा कि प्रेस इस प्रकार कार्य करे कि उसकी विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत चीजों को मीडिया में उछालने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत मूल्यों को बचाकर रखना है। उन्होंने सकारात्मक चीजों को समाज में ज्यादा लाने पर जोर दिया और मंच से रखी गई प्रेस क्लब की मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रतन जैन चिरमिरी का मंच से शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया। इनके अलावे मंच से पर्यावरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए संस्था ग्रीन वैली के नरोत्तम शर्मा व कोरिया जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम योगदान देने वाले ट्रैफिक मैन डॉ. महेश मिश्रा को भी शॉल व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस, हॉटल हसदेव इन के संचालक पवन फरमानिया, रोहण फरमानिया, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा एवं प्रेस क्लब के कानूनी सलाहकार अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ जिनके लिए क्लब ने हृदय से आभार व्यक्त किया।
न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वर्मा ने छत्तीसगढ़ी भाषा में अपने विचार रखकर सभी को गदगद कर दिया। उन्होंने पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता के साथ करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पत्रकार हमारे समाज के अभिन्न अंग हैं। वे अपनी जान जोखिम में डालकर खबर लाते हैं। उन्हें सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने उदाहरण के माध्यम से ईमानदारी का पाठ पढ़ाया।
सत्र न्यायाधीश विवेक तिवारी ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के खबर प्रकाशित करना पत्रकारिता के सिद्धांतों के विपरीत है और पत्रकारों की लेखनी समाज की दिशा बदलने की क्षमता रखती है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार ने पत्रकारों को निष्पक्ष पत्रकारिता की भूमिका निभाने की सलाह देते हुए अब्राहम लिंकन की लोकतंत्र की परिभाषा - जनता का, जनता द्वारा और जनता के लिए शासन का उल्लेख किया और लोकतंत्र की बारीकियों को समझाया।
महापौर रामनरेश राय ने कहा कि पत्रकार अपनी कलम की ताकत से समाज को जागरूक करते हैं। पत्रकारिता में चुनौति होती है। वे दिन-रात समाज में फैली बुराईयों को अपनी कलम से दूर करते हैं। पत्रकार समाज के लिए रीढ़ हैं। उन्होंने मीडिया के कार्यों की सराहना की साथ ही तथ्यों की जानकारी लेकर उसकी जांच कर समाचार प्रकाशित करने के लिए कहा ताकि समाज में पारदर्शिता बनी रहे। वहीं नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव ने क्लब के सभी निर्वाचित और मनोनीत पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। जिस प्रकार चार स्तंभों के बिना कोई इमारत खड़ी नहीं हो सकती, उसी प्रकार मीडिया के बिना समाज में जागरूकता संभव नहीं है। उन्होंने एमसीबी प्रेस क्लब को अपनी शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के संरक्षक श्रीकांत शुक्ल व संयोजक सतीश गुप्ता तथा आभार प्रदर्शन क्लब के प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य रामप्रसाद गुप्ता के द्वारा किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।


