मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 31 जनवरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गांधी चौक, मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस जनों द्वारा महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राष्ट्रपिता के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत, महात्मा गांधी की पुण्यतिथि जैसे पावन दिवस पर शहर में शराब दुकान का संचालन किए जाने के विरोध में कांग्रेस जनों ने शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक रूप से शराब दुकान के सामने बैठकर ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाया तथा भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरों ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। उनकी पुण्यतिथि जैसे पावन अवसर पर शराब दुकान खुला रहना अत्यंत निंदनीय है और यह भाजपा सरकार की असंवेदनशील सोच को दर्शाता है। गांधी जी के आदर्शों का यह सीधा अपमान है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने में विश्वास रखती है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर शराब दुकान का संचालन भाजपा की नैतिक दिवालियापन को दर्शाता है। कांग्रेस इस तरह के जनविरोधी निर्णयों का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करती रहेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। ऐसे पवित्र दिवस पर शराब दुकान संचालित करना सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान है, जिसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल राजस्व के बारे में सोच रही है, उसे समाज की भावनाओं और संस्कृति से कोई सरोकार नहीं है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर शराब दुकान खोलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
महिला कांग्रेस नेत्री पूनम सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी नशामुक्त समाज के पक्षधर थे, लेकिन भाजपा सरकार नशे को बढ़ावा देकर परिवारों और महिलाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कांग्रेस महिलाओं की आवाज़ बनकर ऐसे निर्णयों का विरोध करती रहेगी।
कांग्रेस पार्षद स्वप्निल सिन्हा और अजय जायसवाल ने कहा कि गांधी जी के आदर्शों का अपमान कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा सरकार का यह निर्णय जनभावनाओं के खिलाफ है।
कांग्रेस पार्षद इमरान खान और मुकेश अग्रवाल ने कहा कि सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकान का संचालन देश की आत्मा को ठेस पहुँचाने वाला है। भाजपा सरकार को तुरंत ऐसे निर्णयों पर रोक लगानी चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब कमरों, ब्लॉक अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ शहर सौरव मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, प्रभा पटेल, पार्षद अनिल प्रजापति, कृतिका रवि जैन, मुकेश अग्रवाल, इमरान खान, अजय जायसवाल, भावेश जैन, अरुण कटारे, अमित पूरी, अशोक गुप्ता, विक्की दत्ता, आशीष राय, निर्मला चतुर्वेदी, गीतिका चंदेल, नीलिमा सलेम, कासिम अंसारी, बलबीर सिंह, गोपाल गुप्ता, अवधेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पार्षदगण, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित समस्त प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि गांधी जी के आदर्शों का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा और कांग्रेस सत्य, अहिंसा एवं सद्भाव के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहेगी।


