मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस-कार्यकर्ताओं में झड़प
12-Dec-2025 2:51 PM
वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस-कार्यकर्ताओं में झड़प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेंद्रगढ़, 12 दिसंबर। जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के आह्वान पर 9 दिसंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खान नर्सिंग होम के सामने ग्राउंड से रैली निकालकर डीएफओ कार्यालय की ओर प्रदर्शन किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक बल तैनात किया था। रैली के कार्यालय पहुंचने पर कुछ देर के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी और हल्की झड़प की घटना भी सामने आई। बाद में कांग्रेस ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली, जंगल कटाई, वन्यजीव गतिविधियों और बैगा परिवारों से जुड़े मामलों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में विभागीय निर्णयों की समीक्षा और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई का अनुरोध किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने सभा में कहा कि बैगा जनजाति के घरों को तोडऩे की घटना अमानवीय और गैरकानूनी है। पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि जिले के जंगलों में अवैध कटाई और तस्करी हो रही है और उन्होंने विभाग पर दिखावटी कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि लकड़ी माफियाओं को संरक्षण प्राप्त है, और उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

 

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि वन विभाग की लापरवाही से युवा वर्ग में नाराजग़ी है। उन्होंने दावा किया कि आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं और विभाग इस पर संवेदनशील नहीं है। उनका आरोप था कि भाजपा नेता और मंत्री ‘डीएफओ को बचा रहे हैं’।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि डीएफओ ‘निरंकुश और मनमानी रवैया’ अपना रहे हैं और जनता की शिकायतों पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता विभागीय अधिकारी को ‘संरक्षण’ दे रहे हैं।

जिला कांग्रेस महामंत्री राजकुमार केसरवानी ने फॉसिल पार्क, ट्री गार्ड खरीदी और अन्य योजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इसमें विभागीय अधिकारी और ‘संरक्षण देने वाले नेता’ दोनों जि़म्मेदार हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे चरणबद्ध आंदोलन या बड़े प्रदर्शन की ओर बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरों, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, रमेश सिंह, राजेश साहू, सौरव मिश्रा, राजकुमार केसरवानी सहित जिले और ब्लॉक स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट