मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

नशे के खिलाफ सख्त हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
02-Dec-2025 4:31 PM
नशे के खिलाफ सख्त हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

अवैध दवा बेचने वालों को दी खुली चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 2 दिसंबर। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिले में बढ़ रहे नशे के कारोबार को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। मंच से उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी जारी करते हुए कहा कि नशीली दवाइयों का अवैध व्यापार करने वालों—चाहे वे दुकानदार हों या पेडलर—किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

जो भी नशा बेचता मिला, कार्रवाई निश्चित है -मंत्री जायसवाल

 मंत्री ने कहा कि नशीली दवाइयाँ, इंजेक्शन और अन्य खतरनाक पदार्थ युवाओं को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा,किसी भी प्रकार का अवैध नशा बेचने वाले पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। यह सरकार की स्पष्ट नीति है।

जन-जागरूकता को बताया सबसे ज़रूरी हथियार

विश्व एड्स दिवस के संदर्भ में बात करते हुए मंत्री ने नशे और इंजेक्शन के माध्यम से फैलने वाले संक्रमणों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब तक जनता जागरूक नहीं होगी, तब तक नशे के कारोबार को पूरी तरह रोकना मुश्किल है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को मिलकर जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

उच्च अधिकारियों के साथ बैठक— दो विशेष टीमें गठित

मंत्री ने बताया कि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए उन्होंने हाल ही में डीजीपी, गृह मंत्री,ज्वाइंट सेक्रेटरी, होम सेक्रेटरी के साथ विस्तृत बैठक की है। इस बैठक के बाद नशे से संबंधित मामलों की निगरानी और कार्रवाई के लिए दो विशेष टीमें भी गठित कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि ये टीमें प्रदेशभर में नशे के अवैध कारोबारियों की पहचान कर ठोस कार्रवाई करेंगी।

 

स्थानीय प्रशासन अलर्ट जाँच तेज होने की उम्मीद

मनेन्द्रगढ़ और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर पहले से ही कई शिकायतें मिलती रही हैं। मंत्री के बयान के बाद अब प्रशासन और पुलिस विभाग के अलर्ट मोड में आने की संभावना बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्ती से इलाके में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगेगी।

स्वास्थ्य और एड्स जागरूकता पर भी जोर

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एड्स, संक्रमण, सुरक्षित इंजेक्शन प्रथाओं और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया। मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।


अन्य पोस्ट