मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें-कलेक्टर
12-Oct-2023 7:25 PM
आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें-कलेक्टर

मनेन्द्रगढ़, 12 अक्टूबर। कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा की लंबित प्रकरणों के प्रगति की समीक्षा करते हुए जन चौपाल, जन शिकायत, जनदर्शन, पीजी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विधानसभा निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा। उन्होंने विभिन्न विभागों को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत् सरकारी संपत्तियों, सार्वजनिक तथा निजी सम्पत्तियों से प्रचार-प्रसार हटाए जाने के निर्देश देते हुए उनके द्वारा किए गए कार्रवाई की जानकारी निर्वाचन शाखा में प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण, नियुक्तियां तथा पदोन्नतियां स्थगित रहेगी। उन्होंने जिले में अधिक से अधिक मतदान हेतु जिले के नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वीप की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए स्वीप नोडल अधिकारी को निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों से वापस लिए जाएंगे सरकारी वाहन

मनेन्द्रगढ़, 12 अक्टूबर। विधानसभा निर्वाचन 2023 की प्रक्रियाओं के समापन तक के लिए केंद्रीय एवं राज्य सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्ष, स्थानीय निकाय के अध्यक्ष एवं अन्य जन प्रतिनिधियों को उनके पदीय दायित्वों के निर्वाह हेतु आवंटित शासकीय वाहनों का दुरूपयोग रोकने के लिए वापस लेना आवश्यक है। अत: केंद्रीय एवं राज्य सरकार के सार्वजनिक उपक्रमों के अध्यक्ष, स्थानीय निकाय के अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि, उन्हें उनके पदीय दायित्वों के निर्वाह हेतु आबंटित वाहन, विधानसभा निर्वाचन प्रक्रिया समापन तक के लिए संबंधित कार्यालय के सक्षम शासकीय प्राधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारीजनपद पंचायत, आयुक्त नगर निगम एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तत्काल वापस करने के लिए कहा गया है।


अन्य पोस्ट