मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

राजीव-जयंती पर सद्भावना दिवस
21-Aug-2023 7:57 PM
राजीव-जयंती पर सद्भावना दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 21 अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती क्षेत्र में सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। रविवार को सद्भावना दिवस पर कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्र. 14 स्थित राजीव गांधी उद्यान में स्व. राजीव गाँधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर पुष्पार्चन किया एवं उनके आदर्शों को आत्मसात किया।

इस अवसर पर एमसीबी जिले के कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव का भी कांग्रेसियों ने आत्मीय अभिनंदन कर उनका सम्मान किया। नपाध्यक्ष प्रभा पटेल ने राजीव गाँधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज संचार की क्रांति, ऊर्जा क्रांति, युवा क्रांति पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गाँधी की सोच है। उनका विश्वास था कि शिक्षा प्रगति, उत्पादन, विकास और स्वास्थ्य रक्षा का मुख्य आधार है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि स्व. गाँधी का यह विश्वास था कि भारत का भविष्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी में निहित है। भारत के विकास के प्रति उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी को जनता में प्रसार करने का दृढ़ संकल्प किया था ताकि उनकी गरीबी दूर की जा सके तथा उनके रहन-सहन में सुधार किया जा सके।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे वार्ड पार्षद नागेंद्र जायसवाल ने सद्भावना दिवस पर कहा कि जाति, सम्प्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए हमें निरंतर प्रयत्नशील रहना चाहिए।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने मीडिया प्रभारी सौरव मिश्रा को जिला कांग्रेस का अस्थायी प्रवक्ता नियुक्त किए जाने की घोषणा करते हुए उन्हें कांग्रेस कार्यालय के सभी कार्यों के देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी अधिवक्ता रमेश सिंह, पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, धु्रपद चौहान, हारून मेमन, जिलाध्यक्ष हफीज मेमन, स्वप्रिल सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि राजकुमार जैन, सरदार सुरेंद्र पाल सिंह माखीजा, बलवीर अरोरा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा, अतिकुर रहमान, फाल्गो प्रसाद त्रिपाठी, ओंकार पांडेय सहित कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट