मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 5 जुलाई। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही बयानबाजी का दौर भी तेज हो गया है। जहां एक तरफ केंद्रीय मंत्रियों ने किसानों के मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार को घेरने में कोई कमी नहीं छोड़ी है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता भी जमकर पलटवार कर रहे हंै।
जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार देश की एक मात्र ऐसी सरकार है जो किसान को सशक्त बनाने का काम कर रही है। आज प्रदेश में राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू करके राज्य के किसानों के धान की खरीदी 2 हजार 640 रूपए प्रति क्विंटल में की जा रही है जहां 2017-18 में 12 लाख किसानों ने 56.8 लाख मीट्रिक टन धान बेचा वहीं राजीव गांधी किसान न्याय योजना आने के बाद 2022-23 में 24.97 लाख़ किसानों ने लगभग 110 लाख मीट्रिक टन धान बेचा है, जिससे उन किसानों के खाते में लगभग 19 हजार 000 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। आज प्रदेश में प्रति एकड़ 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। जिला प्रवक्ता मिश्रा ने कहा कि आज धान खरीदी के साथ ही प्रदेश में 65 लघु वनोपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया गया।
पशुपालकों को मजबूत करने के लिए गोधन न्याय योजना लागू करके 2 रूपए प्रति किलो गोबर और 4 रूपए प्रति लीटर गो मूत्र खरीदी की गई जिसमें पशुपालकों को 430 करोड़ रूपए से ज्यादा भुगतान किया गया है। इसके अलावे 26 लाख क्विटल जैविक खाद की बिक्री, 60 हजार लीटर जैविक कीटनाशक तैयार किए गए हैं साथ ही राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन किसान मजदूर न्याय योजना अंर्तगत प्रति हितग्राही को सालाना 7 हजार रूपए की आर्थिक सहायता देकर 5 लाख कृषि मजदूरों को अब तक 477 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के 24 घंटे के अंदर लगभग 18 लाख किसानों का 9हजार करोड़ रूपए का अल्पकालीन कृषि ऋण माफ किया गया है। जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस के सरकार ने किसानों के लिए कई ऐसे काम किए हैं जिससे किसान लाभान्वित हैं साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति समृद्ध हुई है जिससे किसान आज काफी खुश हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री पूरे 5 साल इस प्रदेश के लोगों की कभी सुध नहीं लिए, आज विधानसभा चुनाव नजदीक आता देख इस प्रदेश में दौरे कर रहे हैं और तरह-तरह के बयान बाजी कर रहे हैं। कई जगहों में तो भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश का धान खरीदी केंद्र की सरकार कर रही है जबकि 25 सौ रूपए से अधिक समर्थन मूल्य देने की बात राज्य सरकार ने की थी तो केंद्र की भाजपा सरकार ने हमारा चावल सेंटर पुल में लेने से मना कर दिया, तब प्रदेश सरकार ने राजीव गांधी किसान योजना लाकर किसानों को लाभान्वित किया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वास्तव में छत्तीसगढ़ प्रदेश से भाजपा का जनाधार खिसकता हुआ नजर आ रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा इससे भी कम सीटों में सिमट कर रह जाएगी।


