मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

राहुल की सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली
01-Apr-2023 6:06 PM
राहुल की सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस ने निकाली मशाल रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 1 अप्रैल।
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने शुक्रवार की शाम शहर में लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च रैली निकाली गई। 

पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से आरंभ हुई मशाल रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई जय स्तंभ पहुंची। मशाल रैली में बड़ी संख्या में शामिल कांग्रेसी राहुल तुम संघर्ष करो देश तुम्हारे साथ है नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे।

सविप्रा उपाध्यक्ष विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। इसे बचाने के लिए कांग्रेस सडक़ पर उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में तानाशाही चरम पर है। जनता की आवाज उठाने एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी जी को सजा दे रहे हैं, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

नपाध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अडानी के भ्रष्टाचार को सामने लाने के लिए देश की आवाज बनकर संसद से लेकर सडक़ तक लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार अडानी के भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने में समर्थन कर रहा है। केंद्र सरकार साजिश करके राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता समाप्त करा दी गई है। यह घटना अलोकतांत्रिक और दुर्भाग्यपूर्ण है। 

पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी ने कहा कि आज राहुल गांधी देश की आवाज बन चुके हैं। केंद्र्र सरकार गलतफहमी में है कि वह राहुल गांधी को डरा कर चुप करा लेगी। राहुल गांधी ने एक नारा दिया है डरो मत। आज देश में चारों तरफ डराने का माहौल बना दिया गया है, परंतु राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरे देश में इनके डर को समाप्त करेगी। 

युकां अध्यक्ष हफीज मेमन ने कहा कि देश में लोकतंत्र को जीवित रखने के लिए इस देश के लोग रक्षक बनकर देश की रक्षा करेंगे।


अन्य पोस्ट