महासमुन्द
कलाबाई स्कूल के बच्चे वाहन पार्किंग शेड में पढ़ रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जुलाई। कोरोना संक्रमण के दौर में संचालित हो रहे मुहल्ला क्लास शिक्षकों के साथ बच्चों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गांव में तो क्लास लगाने के लिए शिक्षकों को जगह मिल जा रही है लेकिन शहर में मुहल्ला क्लास का संचालन के लिए जगह का अभाव है।
शहर में जगह नहीं मिलने पर कलाबाई स्कूल के बच्चों को नगर पालिका अध्यक्ष के निवास स्थित वाहन पार्किंग शेड में बिठाकर क्लास का संचालन किया जा रहा है। अध्यक्ष ने उदारता दिखाते हुए पार्किंग शेड भी दे दिया है, लेकिन शहर के अन्य स्कूलों के लिए स्थान ढूंढ पाना अभी समस्या बनी हुई है। शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यालय के स्टेशनपारा स्थित प्राइमरी और मिडिल स्कूल के मुहल्ला क्लास के लिए यहां टाउनहाल भवन को पालिका से मांगा गया है।
गौरतलब है कि आनलाइन क्लास में शामिल नहीं हो पा रहे बच्चे पढ़ाई के लिए मुहल्ला क्लास पहुंच रहे हैं। जिन्हें बैठने के लिए पर्याप्त जगह न होने पर या तो वापस लौटना पड़ रहा या फिर जैसे-तैसे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। शिक्षक बताते हैं कि समस्या ग्रामीण क्षेत्रों में भी है लेकिन शहर की अपेक्षा कम है। क्योंकि शहर में अधिकांश स्कूल सडक़ों पर संचालित हैं और बच्चों को बिठाने की जगह नहीं है। जबकि मुहल्ला क्लास में पढ़ाई कर रहे ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक गंदगी से परेशान हैं। क्योंकि यहां पंचायत भवन परिसर, रंगमंच और सामुदायिक भवन परिसर को मुहल्ला क्लास के लिए चुना गया है जहां मवेशियों के मल मूत्र पड़े रहते हैं।