महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 17 जुलाई। क्षेत्र में इस वर्ष खण्ड वर्षा के कारण मात्र सिंचित भूमि पर ही खेती का काम चल रहा है। असिंचित अधिकांश खेत अब सूखने लगे हंै। कहीं-कहीं खेतों में दरारें भी दिखाई देने लगी है। किसानों के अनुसार तत्काल बारिश नहीं हुई तो पहले से पिछड़ चुकी खेती अब और भी पिछड़ जाएगी।
कृषि विभाग के अधिकारी डी पी पटेल के अनुसार क्षेत्र में खरीफ फसल के लिए कुल लक्ष्य लगभग 48 हजार हेक्टयर में से साढ़े 43 हजार हेक्टयर में बोनी का काम पूर्ण हो चुका है, जबकि रोपाई में 10 हजार हेक्टयर में से मात्र आधे में ही रोपाई हुई है। इसके अलावा मक्का बोआई भी 40 हेक्टयर के लक्ष्य से आधा ही हो पाया है, जबकि उड़द एवं मूंग का सरकारी लक्ष्य 1310 हेक्टयर रखा गया है जबकि इसकी बोआई मात्र 180 हेक्टयर में ही हो सकी है। इसी तरह तिलहन दलहन मूंगफली भी 400 के लक्ष्य में से मात्र 145 हेक्टयर में ही बोनी पूर्ण हुई है।
इस वर्ष 30 फीसदी कम बारिश
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष विगत वर्ष हुई 345 एम एम बारिश की तुलना में उस वर्ष कोई 30 फीसदी कम 265 फीसदी बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट देखी जा सकती है।