महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 जुलाई। पेट्रोल-डीजल के साथ बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के साथ ही कांग्रेस रोजाना महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को घेर रही है। बीते बुधवार को ही संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर के नेतृत्व में साइकिल रैली निकालकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया गया था। अब शुक्रवार को भाजपा ने साइकिल रैली निकालकर राज्य सरकार को घेरा। भाजपा ने साइकिल रैली निकालकर राज्य सरकार से टैक्स कम करने की मांग की।
भाजपा की रैली जिला भाजपा कार्यालय से शुरू हुई, जो मुख्य मार्गो से होते हुए प. दीनदयाल उपाध्याय बरोंडा चौक पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान नेताओं ने बढ़ती महंगाई के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार बताते हुए टैक्स कम करने की मांग की। पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने कहा कि राज्य में सीमेंट, छड़ की कीमत असमान छू रही है। अगर राज्य सरकार टैक्स कम कर देती तो लोगों को काफी राहत मिल सकती है। लेकिन राज्य सरकार ऐसा नहीं कर रही है और केन्द्र सरकार को बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार बता रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार चाहे तो पेट्रोल डीजल की कीमत से भी वे राज्य की जनता को राहत दे सकती हैं। इसके लिए उन्हें केवल वर्तमान में जो टैक्स लिया जा रहा है वह कम करना होगा। लेकिन इस पर भी सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
रैली में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, भाजपा उपाध्यक्ष योगेश्वर राजू सिन्हा, प्रदीप चंद्राकर, सतपाल सिंह पाली, पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल, पार्षद देचीचंद राठी, मनीष शर्मा, मोहन साहू्, पवन साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता शामिल थे।