महासमुन्द
महासमुंद, 14 जुुलाई। कलेक्टर डोमन सिंह कल आंगनबाड़ी केन्द्र आंवराडबरी पहुंचे। वहां चल रहे नन्हें.मुन्नें बच्चों के वजन के बारे में जानकारी ली। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास मनोज सिन्हा भी मौजूद थे। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से लिए जा रहे बच्चों की वजन के बारे में पूछा कि पहले इन बच्चों का वजन कितना था और अब कितना हुआ है यानि कितने वजन की बढ़ोतरी हुई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पहले की वजन की तुलना में बच्चों का वजन 200 से 300 ग्राम तक बढ़ा है। कुछ बच्चों का इससे भी ज्यादा बढ़ा है।
कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि लक्ष्य के मुताबिक शत प्रतिशत् बच्चों के पोषण स्तर की जांच करें। कुपोषित और गम्भीर कुपोषित बच्चों के योजनाओं के मुताबिक लाभान्वित और उपचार करके पोषण के सामान्य स्तर पर लाएं। उन्होंने कहा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय करके लक्ष्य पूरा करें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज सिन्हा ने बताया कि 7 जुलाई से 16 जुलाई तक वजन त्यौहारा का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में 0 से लेकर 5 साल तक के बच्चों का वजन और ऊंचाई का माप भी लिया जा रहा है। श्री सिन्हा ने बताया कि निर्देशानुसार किशोरी बालिकाओं के हीमोग्लोबिन की जांच स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से की जा रही है। एनीमिक पाए जाने पर आयरन फॉलिक एसिड दवाई भी दी जा रही है।