महासमुन्द

बाजे-बाजे के बीच भाई-बहन को साथ लेकर मंदिर से बाहर निकले जगन्नाथ और बगैर नगर भ्रमण गुंडिचा लौटे
13-Jul-2021 6:02 PM
बाजे-बाजे के बीच भाई-बहन को साथ लेकर मंदिर से बाहर निकले जगन्नाथ और बगैर नगर भ्रमण गुंडिचा लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद13 जुुलाई।
कोरोना संक्रमण की वजह से इस साल भी रथयात्रा का पर्व शहर में सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया। कल दोपहर साढ़े तीन बजे मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा व बड़े भैय्या बलदाऊ को विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर सहित मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बाजे-बाजे के साथ बाहर निकाला और रथ में विराजित किया। इस दौरान भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में मौजूद रही।

पूजा अर्चना के बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन की गाइडलाइन के तहत मंदिर परिसर में भ्रमण कराते हुए रथ को गांधी चौक तक लेकर गए। जहां भक्तों ने भगवान का दर्शन किया। इसके बाद रथ को वापस मंदिर ले आया गया और परिसर में बने गुंडिचा मंडप में भगवान को विराजित किया गया। गुंडिचा मंडप में देर रात तक दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। 

11 जुलाई को नेत्रोत्सव के बाद श्री राम जानकी मंदिर के पट बंद कर दिए गए थे। कल सोमवार सुबह पूजा अर्चना के बाद भगवान को बछिए का मुख दर्शन कराने के बाद मंदिर का पट खोला गया। इसके बाद मंगल आरती हुई। सुबह सात बजे से दर्शन के लिए भक्तों का मंदिर में आना जाना शुरू हो गया जो देर रात तक चला। दोपहर तीन बजे पूजा कर रथ में विराजित कर भ्रमण कराया गया। 

मालूम हो कि रथ यात्रा के बाद आषाढ़ मास के दसवें दिन मौसी के घर से भगवान की वापसी होती है। उसे बहुड़ा यात्रा कहा जाता है। अब 10 दिनों तक भगवान मंदिर परिसर में ही बने गुंडिचा मंडप में विश्राम करेंगे और 20 जुलाई को भगवान की वापसी के साथ वे सो जाएंगे। इसके बाद मांगलिक कार्य पर रोक लग जाएगी।
 


अन्य पोस्ट