महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 13 जुलाई। प्रदेश भर में सरकारी बसों को बंद करवा कर निजी बस का संचालन होने से अब क्षेत्रवासी निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने से परेशान हो गए हंै। इतना ही नहीं यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने के बाद भी उन्हें स्टैंड के दो किलोमीटर बाहर ही उतार दिया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा से रायपुर का शासन द्वारा निर्धारित किराया 100 रुपये है, परन्तु इस मार्ग पर चलने वाली बसों के कंडक्टरों द्वारा यात्रियों से जबरन 200 से 250 रुपये तक अवैध वसूली की जा रही है। इस वसूली के संबंध में जब बसों के देखरेख के लिए नियुक्त मैनेजर से बात की गई, तब उन्होंने बताया कि डीजल का भाव बहुत बढ़ गया है, इसलिए किराया बढ़ा कर लिया जा रहा है। दूसरी ओर बेहिसाब किराया वसूली के बाद भी अधिकांश बस संचालक पिथौरा बस स्टैंड नहीं आते और यात्रियों को 2 किलोमीटर दूर फोरलेन पर सुनसान स्थान पर ही उतार रहे हैं, जिससे अकेली महिला यात्रियों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है।
आज से किराया बढ़ाने की मांग को लेकर बसों के पहिये जाम करने वाले संचालकों ने हड़ताल के पहले ही शासन द्वारा निर्धारित भाड़े से दुगने-ढाई गुने भाड़े में यात्रियों को बैठा रहे हैं। ज्ञात हो कि वर्तमान में कम बसों का संचालन होने के कारण अधिकांश बसें क्षमता से अधिक सवारी भर कर कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाते चल रही हंै।
आम यात्री अत्यधिक किराया वसूली की शिकायत तो करना चाहते हैं, परन्तु शिकायत के लिए कोई नम्बर जारी नहीं होने के कारण किराए के नाम पर लूट सहने के लिए मजबूर हंै।