महासमुन्द

सूचना दस्तावेज देने में देरी, जनसूचना अधिकारी पर जुर्माना
09-Jul-2021 5:25 PM
सूचना दस्तावेज देने में देरी, जनसूचना अधिकारी पर जुर्माना

छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई।
सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत समय सीमा में आवेदक को सूचना दस्तावेज नहीं देने पर जनसूचना अधिकारी ग्राम पंचायत सलखण्ड को मुख्य सूचना आयुक्त ने 25 हजार रुपए का जुर्माना कर एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पंचायत विभाग को अनुशंसा की है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने 24 दिसम्बर 2019 को स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) योजना के संबंध सूचना दस्तावेज की मांग सचिव ग्राम पंचायत सलखण्ड जपं बसना से की। समय सीमा में सूचना दस्तावेज नहीं देने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना में 3 फरवरी 2020 को प्रथम अपील आवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रथम अपील में 28 फरवरी 2020 को सचिव ग्राम पंचायत सलखण्ड को मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आदेश किया कि आवेदक को एक सप्ताह के भीतर नि:शुल्क सूचना दस्तावेज प्रदाय करके पालन प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें, लेकिन जनसूचना अधिकारी ने प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश का पालन नहीं किया। 

आवेदक ने 8 जुलाई 2020 को छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपील की। सूचना आयोग से नोटिस प्राप्त होने के बाद जनसूचना अधिकारी ने 11 माह बाद आवेदक को सूचना दस्तावेज डाक से भेजा। मुख्य सूचना आयुक्त एम. के. राउत ने 29 जून को द्वितीय अपील आदेश पारित किया। उन्होंने पाया कि सचिव ग्राम पंचायत सलखण्ड के द्वारा जानबूझकर समय सीमा में आवेदक को सूचना दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया है। प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश का पालन नहीं किया है इसलिए दण्ड के भागी है। सचिव दीनदयाल चौहान को 25 हजार रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया।

मुख्य सूचना आयुक्त ने इस प्रकरण में पुन: पाया कि प्रथम अपीलीय अधिकारी के आदेश का सचिव ने पालन नहीं किया है। सीईओ जनपद पंचायत बसना के स्मरण पत्रों का कोई जबाब नहीं दिया, न  ही पालन प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत किया, जो सचिव की घोर लापरवाही है। इसलिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुन्द को सचिव दीनदयाल चौहान के खिलाफ जांच कर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।     


अन्य पोस्ट