महासमुन्द
डीएमसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है-कलेक्टर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जुलाई। जिले में सहायक शिक्षक फेडरेशन के आंदोलन में चले जाने के कारण मंगलवार को प्राथमिक व मिडिल कक्षा के बच्चों का मोहल्ला क्लास नहीं लगा। फेडरेशन की मांग है कि जब तक सतीश नायर को डीएमसी पद से नहीं हटाया जाता, तब तक वे आंदोलनरत रहेंगे और मोहल्ला क्लास का संचालन नहीं करेंगे। सहायक शिक्षकों के आंदोलन के चलते बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पाए। जो बच्चे पढ़ाई करने मोहल्ला क्लास में आए थे, उन्हें वापस घर भेज दिया गया। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी रार्बट मिंज का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी सहित कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजा गया है। वहीं डीपीआई को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
फेडरेशन के जिलाध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर का कहना है कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, मोहल्ला क्लास संचालित नहीं की जाएगी। उन्होंने ने कहा कि जिले में आंदोलन के चलते कल मंगलवार को कहीं भी मोहल्ला क्लास नहीं ली गई है। कई बच्चे मोहल्ला क्लास में पढ़ाई करने आ रहे थे उन्हें वापस भेज दिया गया। पूरा मामला यह है कि डीएमसी सतीश नायर सरकारी प्राथमिक शाला सोरिद की सहायक शिक्षक लता राजपूत सीमा मानिकपुरी, ताकेश्वर साहू व गायत्री ठाकुर को अपमानित किया था। जानकारी के अनुसार कलेक्टर डोमन सिंह ने डीएमसी को कारणा बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले में कलेक्टर का कहना है कि जिला मिशन समन्वयक डीएमसी सतीश नायर द्वारा प्राथमिक शाला ग्राम सोरिद में निरीक्षण के दौरान मोहल्ला क्लास संचालित करने वाली महिला शिक्षिका के साथ अपमानजनक व्यवहार करने की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से मिली है। इसे संज्ञान में लेते हुए डीएमसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।