महासमुन्द

थाना क्षेत्र में जो भी घटनाक्रम हो, उस पर तत्काल रिस्पांस दें
06-Jul-2021 5:55 PM
थाना क्षेत्र में जो भी घटनाक्रम हो, उस पर तत्काल रिस्पांस दें

एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों से कहा

महासमुंद, 6 जुलाई। जिले के नए पुलिस कप्तान दिव्यांग पटेल ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। सुबह 11 बजे एसपी कार्यालय में एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर ने नए एसपी की अगुवानी की। 

कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसपी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद दोपहर 3 बजे से जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले में अपराध की प्रकृति, गंभीर अपराध की जानकारी, कानून-व्यवस्था की स्थिति, जिले के राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली।

जिले के बारे में जानकारी लेने के बाद एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों से कहा कि आपके थाना क्षेत्र में जो भी घटनाक्रम हो, उस पर तत्काल रिस्पांस दें। चाहे वो एक्सीडेंट हो, चोरी हो, लड़ाई झगड़े की सूचना हो, राजनैतिक घटनाक्रम हो या फिर अन्य कानून व्यवस्था की स्थिति हो। प्राथमिकता होनी चाहिए कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंचे।


अन्य पोस्ट