महासमुन्द
बैंक के वार्षिक ऑडिट में खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जुलाई। सरायपाली में स्थित एक्सिस बैंक ब्रांच में कार्यरत कर्मचारी द्वारा ग्रामीणों की ईएमआई राशि गबन करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त कर्मचारी ने करीब 73 ग्रामीणों से 1.71 लाख रुपए की राशि ईएमआई के रूप में ली, लेकिन बैंक में जमा नहीं कराया। बैंक के वार्षिक ऑडिट में यह मामला सामने आया। मामला सामने आने के बाद एक्सिस बैंक में कर्मचारी नियुक्त करने वाली कंपनी के प्रबंधक ने मामले की शिकायत की।
शिकायत के जांच उपरांत तत्कालीन कलेक्शन एग्जीक्यूटिव संजय दुबे के खिलाफ धारा 409 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है।
बैंक के अनुसार यह मामला वर्ष 2019 का है। 2019 में ही एक्सिस बैंक की सरायपाली शाखा में एक प्राइवेट रिक्रूरमेंट कंपनी के जरिए मुंगेली जिला हाल मुकाम झलप निवासी संजय दुबे की भर्ती हुई। संजय को यहां कृषि एवं ग्रामीण बैंकिंग वित्त विभाग में कलेक्शन एग्जीक्यूटिव के पद पर भर्ती किया गया था। वर्ष 2019 में संजय ने कृषि एवं ग्रामीण बैंकिंग वित्त विभाग कार्य करते हुए ग्राहक नानबाई, निरोजबाई, मीनाबाई राव, मालती जायसवाल तथा अन्य कुल 73 ग्राहकों से ईएमआई की कुल 1 लाख 71 हजार 580 राशि वसूली, लेकिन उसे जमा नहीं कराया।
बैंक का कहना है कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि संजय दुबे को एक्सिस बैंक में अप्रैल 2019 में कलेक्शन एग्जीक्यूटिव के रूप में नियुक्त हुआ था। इसके बाद से संजय लगातार ग्रामीण इलाकों से लोन की राशि वसूलता था, लेकिन उक्त राशि को वह बैंक में जमा नहीं कराता था। आखिरकार अगस्त में वह फरार हो गया।
ग्रामीणों पर जब लोन की राशि चुकाने का दबाव बैंक की ओर से बनाया गया तो ग्रामीणों ने बताया कि वे पैसा जमा करा चुके हैं। इसके बाद बैंक ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि ऐसे 73 ग्रामीणों से 1.71 लाख से अधिक की ईएमआई की राशि वसूल की जा चुकी है।