महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के सचिव मोहम्मद जहाँगीर तिगाला ने जानकारी दी है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार 10 जुलाई को सम्पूर्ण देश में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के कारण न्यायालयों में बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों में कमी लाने के उद्देश्य से तथा प्रभावित पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय प्रदान करने की दिशा में नेशनल लोक अदालत एक प्रभावशली कदम है। जिस हेतु जिला न्यायालय महासमुंद के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के द्वारा नेशनल लोक अदालत हेतु कई खण्डपीठों का गठन किया गया है। उक्त खण्डपीठों के द्वारा ही विभिन्न प्रकरणों तथा प्री-लिटिगेशन का निराकरण किया जाएगा।
आगे बताया कि लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय में राजीनामा योग्य अपराधिक प्रकरणों, धारा- 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, बैंक रिकवरी प्रकरण, सिविल प्रकरण, निष्पादन प्रकरण, विद्युत संबंधी मामलों तथा पारिवारिक विवाद के मामलों का निराकरण किया जाता है। इसके अतिरिक्त बैंक, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग, नगरपालिका परिषद् में वसूली संबंधी लंबित प्रकरण प्री-लिटिगेशन प्रकरण जिला विधिक सहायता प्राधिकरण में प्रस्तुत किये जाएंगे, जो विधिवत पंजीयन उपरांत संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी कर लोक अदालत खण्ड पीठ में निराकृत किये जाएंगे। आम जनता को राहत देते हेतु कोविड-19 के दौरान लॉकडाउन के उल्लघंन में दर्ज धारा-188 भारतीय दंड संहिता एवं महामारी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों का भी निराकरण गृह विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार किए जाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद भीष्म प्रसाद पाण्डेय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के सचिव मोहम्मद जहाँगीर तिगाला के द्वारा नेशनल लोक अदालत के आयोजन के पूर्व आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने, अधिकाधिक प्रकरणों को सफलतापूर्वक निराकरण करने एवं सफलता पूर्वक नेशनल लोक अदालत के आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चाएं विभिन्न फायनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों, विभिन्न बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों एवं अधिवक्ताओं, के साथ मीटिंग का आयोजन विभिन्न तिथियों पर किया गया है। इस बार हाईब्रिड लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पक्षकार एवं वकील न्यायालय में उपस्थित होकर अथवा उपस्थित हुए बिना घरों से भी वीडियो कांफ्रेसिंग के साधनों जैसे- जिट्सी मीट ऐप, व्हाट्स ऐप, गूगल मीट आदि के माध्यम से आपसी सहमति से प्रकरणों का निराकरण करेंगे।
समझौता योग्य दांडिक प्रकरण, पारिवारिक मामलें, मोटरयान दुर्घटना दावा, चेक बाउंस के प्रकरण आदि धन संबंधी मामले जो सामान्य लोक अदालतों के माध्यम से निराकृत हो जाते, कोरोना संक्रमण के चलते न्यायिक कामकाज प्रभावित होने से निराकृत नहीं हो पा रहे हैं, परंतु ई-लोक अदालत के माध्यम से वकील एवं पक्षकारों को आर्थिक राहत प्राप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि ई-लोक अदालत के सफल संचालन हेतु महासमुंद जिला न्यायलय की वेब साइट पर लिंक की सहायता से पक्षकारों को घर बैठे सीधे विशेष ई-लोक अदालत की खण्डपीठ से जुडऩे में सहायता मिलेगी। यदि कोई पक्षकार उक्त ई-लोक अदालत के माध्यम से अपना राजीनामा योग्य प्रकरण निराकृत करवाना चाहते हैं, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद अथवा अपने अधिवक्ता से संपर्क कर सकते हैं।
इस तरह पक्षकार अपने न्यायालयीन प्रकरणों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के द्वारा पक्षकारों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नेशनल लोक अदालत को सफल बनायें।