महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जुलाई। जिले में वर्तमान में कोरोना संक्रमण दर बहुत कम हो गया है। मई माह के दूसरे पखवाड़े से कोरोना दर में लगातार गिरावट आ रही है। शनिवार को महीनों बाद जिले में सिर्फ एक पॉजिटिवसामने आया है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को कुल 917 टेस्ट किए, जिसमें से सिर्फ एक संक्रमित पाया गया है। वर्तमान में एक्टिव केस भी काफी कम हो गया है। जिले में शनिवार को कुल 5 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए हैं और वर्तमान में सिर्फ 49 लोगों का ही इलाज किया जा रहा है।
शनिवार को मिला संक्रमित बागबाहरा ब्लॉक का है। बाकी के 4 ब्लॉक में कोरोना के केस शून्य ही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को आरटीपीसीआर से 222, ट्रूनॉट से 165 और रैपिड एंटीजेन से 530 सैंपल का टेस्ट किया गया है। इसमें आरटीपीसीआर से ही 1 संक्रमित की पहचान हुई है। वहीं गत दिनों से कोरोना से होने वाली मृत्यु का आंकड़ा भी शून्य ही रहा है, जो जिले के लिए राहत भरी है।