महासमुन्द

आंशिक छूट के साथ परिजन कर सकते हैं विचाराधीन बंदी व कैदियों से मुलाकात
04-Jul-2021 5:12 PM
आंशिक छूट के साथ परिजन कर सकते हैं विचाराधीन बंदी व कैदियों से मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जुलाई।
जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी व कैदियों के परिजन व रिश्तेदार अब जेल में जाकर बंदी व कैदियों से मुलाकात कर  सकेंगे। संक्रमण के चलते पिछले तीन महीने से परिजन व बंदियों की मुलाकात नहीं हो पाई थी। केवल फोन से ही बात कर हाल चाल जानते थे। जेल प्रशासन ने मुलाकात के चलते जेल में कोरोना का संक्रमण न फैले इसलिए मुलाकात को बंद कर दिया था। जिला जेल अधीक्षक मुकेश कुशवाहा ने बताया कि 1 जुलाई से मुलाकात करने सुविधा शुरू हो गई है। जेल विभाग से पत्र जारी किया गया है। लेकिन पूरी तरह से छूट नहीं दी गई है, केवल आंशिक छूट के साथ कैदी व बंदी अपने परिजनों से मुलाकात कर सकेंगे।

जानकारी के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से मुलाकात के बीच कांच की दीवार रहेगी। इसके अंदर से ही कैदी परिजन को देखेंगे और इंटरकॉम टेलीफोन के माध्यम से बात करेंगे। इसकी तैयारी पूर्व से ही गई है। बता दें कि दूसरी लहर की वजह से अप्रैल महीन से जेल में बंद बंदियों व कैदी की परिजनों से मुलाकात पर रोक ला दी गई थी। संक्रमण कम होने व अनलॉक को देखते हुए कैदियों व बंदियों के परिजनों पर लगी पाबंदी को भी जेल प्रशासन ने 1 जुलाई से हटा दिया है। लेकिन पाबंदी पूरी तरह से नहीं हटी है। 

इस नए आदेश के तहत कैदी व विचाराधीन बंदी केवल अपने परिजन व रिश्तेदार को देख सकेंगे। लेकन चर्चा के लिए उन्हें इंटरकॉम टेलीफोन का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए जेल के अंदर कमरे में कांच के चार दीवारी बनाई गई है, जहां से बंदी अपने परिजनों को सीधे देखकर फोन से बात करेगा। गौरतलब है कि जिला जेल में विचाराधीन बंदी व कैदी रखने की क्षमता 170 है, लेकिन यहां बंदियों को ढूंस-ढूंस कर भरा गया है। इसके अलावा कई बंदी अभी अगस्त तक अंतरिम जमानत पर रिहा हुए हैं। इनकी समय सीमा समाप्त होने के बाद उन्हें फिर से जेल में आना होगा। उनके आने के बाद फिर जेल में संख्या बढ़ जाएगी।

जेल अधीक्षक ने बताया कि करीब 460 विचाराधीन बंदी और 9 कैदी जेल में बंद है। वहीं 94 अंतरिम जमानत पर हैं। इस बार विचाराधीन बंदियों को 15 दिन में एक बार तो सजायाफ्ता कैदी को 30 दिन में एक बार ही 10 मिनट तक बार करने की छूट दी गई है। बीते  1 जुलाई से जेल में परिजनों व कैदी के बीच मुलाकात का दौर शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि जेल की मुलाकाती कक्ष के खिडक़ी में कांच की चार दीवारी बनाई गई है। जहां कैदियों के परिजन पहुंचेंगे और अपने रिश्तेदार को आमने सामने देख सकेंगे। एक कैदी अपने परिजन से 10 मिनट की अविधि तक इंटरकॉम टेलीफोन के माध्यम से सीधी बात कर सकेगा।

 इस योजना के तहत जिला जेल के 460 विचाराधीन बंदी व 9 कै दियों को इसका लाभ मिलेगा। 
 


अन्य पोस्ट