महासमुन्द

जर्जर हो चुकी सरकारी कॉलोनी में अब होगा सर्वसुविधायुक्त मकान, फ्लैट और शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण
04-Jul-2021 5:08 PM
जर्जर हो चुकी सरकारी कॉलोनी में अब होगा सर्वसुविधायुक्त मकान, फ्लैट और शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण

संसदीय सचिव के प्रयास से 101 करोड़ के प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार
 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जुलाई। शहर के गुड़रूपारा व तहसील ऑफिस के सामने एनएच-353 से लगी जर्जर हो चुकी सरकारी कॉलोनी में अब सर्वसुविधायुक्त मकान, फ्लैट और शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार किया जा चुका है और अब इसे शासन के पास अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। संसदीय सचिव के प्रयास से कुल 101 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। कल शनिवार को संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अफसरों से जानकारी ली।
 
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की ओर से रिडेव्लपमेंट योजना के तहत जर्जर कॉलोनियों में नए मकानों के साथ शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाने की योजना है। इसके तहत महासमुंद में दो स्थानों का चयन किया गया है। गुड़रूपारा के मरचुरी लाइन के पास करीब 4 एकड़ और तहसील ऑफिस के सामने एनएच.353 में करीब 6 एकड़ भूमि का चिह्नांकन किया गया है। यहां सरकारी मकान जर्जर स्थिति में है। यही कारण है कि रिडेव्लपमेंट योजना के तहत इसके लिए प्लान तैयार किया गया है।
 
छग गृह निर्माण मंडल के ईई के अजय नायडू ने बताया कि संसदीय सचिव ने इसे लेकर प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा था। छग गृह निर्माण मंडल की ओर से कुल 101 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया जा चुका है। कल शनिवार को संसदीय सचिव को इस पूरे प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी गई है। कल शनिवार को अधिकारियों ने संसदीय सचिव को जानकारी देते हुए बताया कि गुड़रूपारा में जर्जर सरकारी मकानों को तोडक़र सर्वसुविधायुक्त क्वार्टर बनाने की योजना है। यहां करीब 90 सरकारी आवास सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए बनाया जाना प्रस्तावित है। 
 
इसी तरह तहसील कार्यालय के पास मेन रोड के सामने करीब 6 एकड़ में शॉपिंग कॉम्पलेस के साथ ही फ्लेट-डुप्लेक्स सहित करीब 100 मकान आम लोगों के लिए बनाया जाना है। अफसरों ने बताया कि पूर्व में केबिनेट की हुई उपसमिति की बैठक में इसके लिए सैद्धांतिक अनुमति दी गई है। इस योजना के तहत दोनों स्थानों के लिए करीब 101 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इसे अनुमोदन के लिए शासन के पास भेजा गया है। अनुमति के बाद इस दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा। 
 

अन्य पोस्ट