महासमुन्द

इस साल निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए रुचि नहीं दिखा रहे हैं पालक
03-Jul-2021 6:19 PM
इस साल निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए रुचि नहीं दिखा रहे हैं पालक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जुलाई।
शिक्षा का अधिकार कानून के तहत इस साल निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए पालक रुचि नहीं दिखा रहे हैं। निर्धारित सीटों की संख्या के एवज में आवेदन कम प्राप्त हुए हैं। आरटीई के तहत जहां पहले ही चरण में सीटें फुल हो जाती थी, इस साल खाली हैं। इसका कारण अंग्रेजी माध्यम स्कूल बताया जा रहा है। क्योंकि अधिकांश पालक अपने बच्चों को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाना चाह रहे हैं। यही कारण है कि आरटीई के तहत आवेदन काफी कम आए हैं। 

मालूम हो कि जिले के निजी स्कूलों की 2168 सीटों के एवज में इस साल केवल 1615 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। जबकि इन सीटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया बीते मार्च माह से प्रारंभ हो चुकी है। शिक्षा विभाग का मानना है कि सरकारी अंग्रेजी स्कूल में प्रवेश की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही शेष सीटों के लिए आवेदन आएगा। 

जिला शिक्षा अधिकारी रार्बट मिंज ने बताया कि आरटीई के तहत आवेदन मंगाए जा रहे हैं। जिले में सीटें अभी भी खाली हैं। इसलिए जुलाई के अंत तक आवेदन लिए जाएंगे। इस बार महासमुंद जिले में 2168 सीटों पर बीपीएल परिवार के बच्चों को प्रवेश दिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बीते मार्च से प्रारंभ हुई थी, लेकिन अभी तक 1615 आवेदन मिले हैं। अभी 553 सीट खाली पड़ी हुई हैं। इस साल 227 निजी स्कूल के लिए आवेदन मंगाए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग की मानें तो इस साल आरटीई के तहत कम आवेदन आने का कारण स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेश को भी माना जा रहा है। मुख्यालय सहित जिले के पांच अंग्रेजी मीडियम स्कूल में वैसे तो पहली से लेकर 12 तक के कुल सीटों की संख्या 2718 हैं, लेकिन उसके विरूद्ध आवेदन 3376 मिले थे। दो सरकारी अंग्रेजी स्कूल में लॉटरी पद्धति से बच्चों की चयन सूची जारी कर दी गई है। शेष स्कूलों पर लॉटरी निकाली जाएगी।
 


अन्य पोस्ट