महासमुन्द
पालिका कार्रवाई कर रही, पर उपयोग कम नहीं हो रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जुलाई। प्लास्टिक के चलन को रोकने के लिए पालिका की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है, बावजूद इसके शहर में इसके उपयोग में कोई कमी नहीं आई है। यही कारण है कि पालिका की टीम को रोजाना डेड़ से 2 टन प्लास्टिक कचरा मिलता है।
नगर पालिका महासमुंद के सफाई कर्मी डोर-टू-डोर वेस्टेज कलेक्शन का कार्य रोजाना करती हैं। इसे गीला व सूखा कैटेगरी के तौर पर नगर में स्थित 4 मणिकंचन केंद्र ले जाया जाता है। इनमें से सभी कचरों को अलग-अलग किया जाता है। रोजाना लगभग 13 से 14 टन कचरा शहर से मिलता है, जिसमें सूखे कचरे की मात्रा लगभग 6 टन होती है। इन्ही सूखे कचरे में से लगभग डेढ़ से दो टन प्लास्टिक निकलता है। इनमें से काम के लायक प्लास्टिक को विभिन्न माध्यम से रिसायकल किया जाता है।
पालिका के कर्मचारी नौशाद बख्श कहते हैं कि डेढ़ से दो टन प्लास्टिक का डाटा शहर में कलेक्ट होने वाले कचरे का आंकड़ा है। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर हानिकारक प्लास्टिक खाली मैदान, नालियों व अन्य स्थानों पर भी पड़े रहते हैं, जो धूप, बारिश के बाद भी डिस्ट्रॉय नहीं होते हैं। जिससे वातावरण के साथ-साथ स्वास्थ्य भी काफी प्रभावित होता है।
उन्होंने बताया कि प्लास्टिक फ्री अभियान के तहत समय-समय पर बाजारों में जाकर दबिश दी जाती है। फिर भी इसका प्रयोग लगातार हो रहा है।
पालिका की ओर से एक बार फिर इसे लेकर अभियान चलाया जाएगा।