महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जुलाई। मेडिकल कॉलेज द्वारा जिला अस्पताल को अधिग्रहित किए जाने के बाद अब लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार वृद्धि की जा रही है। पहले जिस जिला अस्पताल में सिर्फ 8 से 9 घंटे की ओपीडी सेवाएं मिलती थी, वहां अब 24 घंटे ओपीडी की सेवाएं लोगों को मिलेगी। इसके साथ ही अस्पताल के ब्लड बैंक व आयुष्मान योजना काउंटर भी लगातार 24 घंटे सेवाएं देंगे।
गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज के लिए मिले 8 एक्सपर्ट के साथ ही अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाए जाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पहले जिला अस्पताल में सुबह 9 से 1 बजे तक व दोपहर 3 से 6 बजे तक ओपीडी सेवाएं दी जाती रही हैं। इसके चलते बहुत से लोगों को निजी अस्पताल व बड़े शहरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब जिला अस्पताल में 24 घंटे ओपीडी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
मालूम हो कि कोरोना की दूसरे लहर के कम होने के बाद शुरू हुए ओपीडी में अब बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं और सामान्य दिन की तरह ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि ओपीडी काउंटर के 24 घंटे खुले रहने से लोगों को भटकना भी नहीं पड़ेगा। अस्पताल में पदस्थ चिकित्सकों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। इनमें दो-दो मेडिकल ऑफिसर आईपीडी में सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा यही चिकित्सक पीएम भी करेंगे। इससे अस्पताल में आए मरीज सीधे विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार करा सकेंगे।
जानकारी अनुसार महासमुंद मेडिकल कॉलेज के लिए 9 एक्सपट्र्स को पदस्थ किया गया है। वे ओपीडी के साथ ही यहां भर्ती मरीजों को भी आपातकालीन स्थिति में अपनी सेवाएं देंगे। ये एक्सपट्र्स मेडिकल स्टूडेंट्स को पढ़ाने के साथ ही अपनी सेवाएं यहां देंगे। जिससे लोगों को बड़ी या जटिल बीमारियों पर यहीं परामर्श व इलाज मिल जाएगा। वैसे तो मेडिकल कॉलेज के लिए कुल 9 प्राध्यापकों को पदस्थ किया गया था, लेकिन इनमें से सिर्फ 8 ने ही पदभार ग्रहण किया है। इनमें मेडिसीन, एनेस्थिसिया, सर्जरी, बायोकेमेस्ट्री, एनाटॉमिक, पैथॉलॉजी व फिजियोथैरिपिस्ट शामिल हैं।
इस तरह जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को चिकित्सकों की सेवाएं 24 घंटे मिलेगी। इसमें एमबीबीएस चिकित्सकों की अलग ड्यूटी चार्ट बनाया गया है। पीएमए एमएलसी और अन्य कार्य के साथ विशेषज्ञ चिकित्सक ओपीडी और आईपीडी में भर्ती मरीजों को उपचार करेंगे।
आपातकाल में मरीजों को किसी भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता पड़ेगी तो इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे, विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी अलग लगाई गई है। मेडिसिन डॉ योगेन्द्र मल्होत्रा, सर्जरी. डॉ संतोष सोनकर, डॉ नरेन्द नरसिंह, एनस्थिसिया डॉ चंद्रपाल भगत, पैथालॉजी डॉ शशिकला कोसम, बायोकेमेस्ट्री. डॉ ओंकार कश्यप, फिजियोलॉजी. डॉ अलखराम वर्मा व एनाटामिक. डॉ कुंजबिहारी पटेल हैं।