महासमुन्द

दिवंगत परिजनों की अस्थियों को गंगा में विसर्जन का जिम्मा अब डाक विभाग उठा रही
03-Jul-2021 2:44 PM
 दिवंगत परिजनों की अस्थियों को गंगा में विसर्जन का जिम्मा अब डाक विभाग उठा रही

  अब तक किसी ने इसका लाभ नहीं उठाया  
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 3 जुलाई।
दिवंगत परिजनों की अस्थियों को हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी या फि र गया में जाकर यदि विसर्जन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो डाक विभाग ने इसके लिए नई योजना की शुरूआत की है। अब अस्थियों को विसर्जन करने का जिम्मा डाक विभाग उठा रही है। जिस प्रकार डाक विभाग लोगों को शुद्ध गंगाजल उपलब्ध कराता है, ठीक उसी तरह से अस्थियों का विर्सजन भी अब डाक विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है। यह सुविधा डाक विभाग ने शुरू कर दी है। 

विभाग ने ओम दिव्य दर्शन संस्था से इसके लिए बकायदा अनुबंध किया है। संस्था की ओर से हरिद्वार, वाराणसी, प्रयागराज और गया बिहार में अस्थि विसर्जन की व्यवस्था की गई है। जिले के डाकघर में इस पर अमल शुरू कर दिया गया है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डाक विभाग का ग्राहक जिस तीर्थ पर अपने परिजनों की अस्थियों को भेजेगा, वहां पर ओम दिव्य दर्शन संस्था के माध्यम से अस्थियों को विधिवत कर्मकांड के साथ विसर्जन किया जाएगा। कोरोना काल में अपने प्रियजनों को खोने वाले कई लोग उनका विधिवत अस्थि विसर्जन नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद डाक विभाग ने यह योजना प्रारंभ की है। 

महासमुंद डाकघर के पोस्ट मास्टर संजय ठाकुर ने बताया कि विभाग ने कोरोना काल में अस्थि विसर्जन को लेकर आ रही समस्याओं को देखते हुए नई व्यवस्था बनाई है। योजना के जरिए दिवंगतों के परिजन विसर्जन की परंपरा का निर्वहन कर सकते हैं। हालांकि महासमुंद जिले से अब तक किसी ने इस सुविधा का लाभ नहीं उठाया है।

पोस्ट मास्टर महासमुंद श्री ठाकुर के मुताबिक अस्थि विसर्जन करने वालों को संस्था के पोर्टल दिव्य दर्शन डॉट ओआरजी पर अपना पंजीयन करवाना होगा। पंजीयन के बाद कोई भी व्यक्ति अपने परिजन की अस्थियों का पैकेट स्पीड पोस्ट से वाराणसी, प्रगयागराज, हरिद्वार और गया भेज सकता है। अस्थियों के पैकेट को अच्छी तहर से पैक कर मोटे अक्षरों में दिव्य दर्शन लिखना होगा। पैकेट पर भेजने वाले व्यक्ति को अपना पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां लिखनी होगी। डाकघर में पैकेट प्राप्त होन के बाद उसे ओम दिव्य दर्शन के पते पर भेजा जाएगा। अस्थि विसर्जन की पूरी प्रक्रिया को परिजन वेबकास्ट के जरिए ऑनलाइन देख सकेंगे।

मालूम हो कि डाकघर की ओर से पहली बार गंगाजल उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है, जिसका सुचारू संचालन हो रहा है। डाक विभाग कुछ साल पहले से व्यक्ति के संस्कारों से जुड़ी सेवाएं प्रदान कर रही है। अब आमजनों से सरोकार रखने वाली अन्य व्यवस्थाएं भी डाक विभाग ने संचालित की हुई है। इसी के तहत हिंदू धर्मावलंबियों के अहम गंगाजल की सेवा भी डाक विभाग लोगों को काफी रियायती दर पर मुहैया करा रही है। डाक विभाग द्वारा 500 एमएल और एक लीटर बोतल में लोगों को अपनी शाखाओं के जरिए गंगजाल उपलब्ध करा रही है।



अन्य पोस्ट