महासमुन्द
शिकायत आएगी तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी-खाद्य अधिकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जुलाई। बिना किसी सत्यापन व परीक्षण के जिले के जनपद, नगर पालिका व नगर पंचायत में लोगों को राशनकार्ड जारी किया जा रहा है। इन काड्र्स को ऑपरेटर्स जारी कर रहे हैं और अफसर बिना देखे सील-मुहर लगाकर हस्ताक्षर कर रहे हैं।
लिहाजा एक परिवार में दो अलग-अलग राशन कार्ड जारी हुए हैं, जिसमें एक में महिला के पति के नाम गरीबी रेखा कार्ड व पत्नी का सामान्य राशन कार्ड जारी किया गया है। कई कार्ड ऐसे भी हैं जिसे एकल होना था, लेकिन उस कार्ड में तीन-चार लोगों का नाम दर्ज है। इस संबंध में खाद्य अधिकारी नितिश त्रिवेदी का कहना है कि अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है, यदि शिकायत आएगी तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी मिली है कि तुमगांव नगर पंचायत के इंदिरा गांधी वार्ड में नगर पंचायत के सीएमओ द्वारा हेमंत कुमार निषाद को प्राथमिकता कार्ड जारी किया गया है। उनकी पत्नी अनीता निषाद को सामान्य एपीएल राशन कार्ड जारी कर दिया गया है। दोनों ही कार्ड में दोनों मुखिया हैं। गरीबी रेखा कार्ड में पत्नी का नाम जोड़ा जा सकता है, लेकिन जोडऩे के बजाए स्वयं के नाम पर दूसरा राशन कार्ड नगर पंचायत से बनवाया गया है।
इसी तरह महासमुंद वार्ड क्रमांक 4 निवासी डेजी शकुंतला को गुलाबी कार्ड जारी किया गया है। यह कार्ड परिवार की मुखिया विधवा या एकांकी महिला को ही प्रदान किया जाता है, लेकिन महासमुंद में जारी किए गए गुलाबी कार्ड में महिला के दो पुत्रों का नाम दर्ज किया गया है। इस कार्ड की जांच किए बिना ही ऑपरेटर ने बिना सोचे समझे नाम जोड़ दिया है। इसी प्रकार के करीब 20 से 30 राशन कार्ड शहर के अंदर पालिका ने जारी किए हैं।