महासमुन्द
ताम्रध्वज ने समीक्षा बैठक में अफसरों को कहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जुलाई। महासमुंद जिले का प्रभार मिलने के बाद बुधवार को पहली बार गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू महासमुंद पहुंचे। यहां उन्होंने दो अलग-अलग बैठकें ली। पहली बैठक उनके विभाग की थी, जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में अयोजित हुईं। दूसरी बैठक उन्होंने जिला पंचायत के सभाकक्ष में ली, जहां सभी विभागों के आला अधिकारी मौजूद थे। जिला पंचायत में आयोजित समीक्षा बैठक करीब तीन घंटे तक चली।
इस दौरान उन्होंने जिले में हो रहे सभी तरह के कामकाज का प्रजेंटेशन देखा। सभी अधिकारियों द्वारा बताए जाने वाले कामकाज की पूरी जानकारियों को ध्यान से सुना, लेकिन कुछ कहा नहीं। प्रजेंटेशन समाप्त होने के बाद गृहमंत्री ने साफ शब्दों में कहा-ये पहली बैठक है, इसलिए अभी आपके द्वारा दिखाए गए प्रजेंटेशन और आंकड़ों पर कोई बात नहीं करूंगा। अगली बार मैं सीधे फील्ड पर जाऊंगा और उस दौरान यदि कोई कमी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सीधे कार्रवाई होगी।
ताम्रध्वज साहू ने अधिकारियों से कहा कि आमजनों के हितों का पूरी तरह से ध्यान रखा जाए। कोई भी व्यक्ति यदि शिकायत लेकर आए तो उनकी समस्या को दूर करें या उसका हल निकालें। यदि आप समस्या हल नहीं कर सकते तो सीधे बता दें। बार-बार घुमाने वाली शिकायत नहीं आनी चाहिए। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान गृहमंत्री ने बम्हनी में दो महीने पहले हुए एक मर्डर पर नए सिरे से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जांच अधिकारियों से कहा कि एक बार फिर से शून्य से जांच की शुरूआत करें और हत्यारे को जल्द से जल्द पकड़ें। बैठक में संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर, केबिनेट मंत्री देवेन्द्र बहादुर सिंह, संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, विधायक किस्मतलाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, कलेक्टर डोमन सिंह, एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ आकाश छिकारा सहित सभी विभाग के प्रमुख उपस्थित थे।
लोक निर्माण गृह एवं जिला प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजना एवं समस्त शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंनें कहा कि अधिकारी इस तरह कार्य करें कि सरकार के प्रति जनता का विश्वास और सुदृढ़ हो। मंत्री श्री साहू ने कहा कि राज्य सरकार की सभी फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। गौठानों को मल्टी एक्टिविटी के रूप में बनाया जाए। यह राज्य सरकार की मंशा है। उन्होंने फसल चक्र परिवर्तन को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने को कहा कि किसानों को मांग अनुसार खाद-बीज का वितरण हो, यह भी देखें।
उन्होंने कहा कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। उसकी रोकथाम एवं नियंत्रण को गंभीरता से लें। कोरोना की पहली और दूसरी लहर से मिले अनुभव का भी पूरा-पूरा इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में बच्चों के वार्ड हों व सभी जरूरी स्वास्थ्य उपकरणों से भी सुसज्जित हों, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों को प्राथमिकता से करें। नल-जल योजना के तहत हर घर को पानी मिले और कार्य गुणवत्ता पूर्ण हो यह सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायतों में खाली जमीनों पर फलदार वृक्षों का रोपण और स्कूल के खेल मैदान के लिए जमीन आरक्षित करने के बारे में कहा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण करना ही एकमात्र उद्देश्य नहीं है, उसकी देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने वनमण्डलाधिकारी से कहा कि अगली बैठक में ब्यौरा लेकर आए कि अब तक कितना वृक्षारोपण किया गया है।