महासमुन्द
3 साल में जा चुकी 56 की जान, 67 घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जून। जिले के ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया गया। चूंकि परिवहन मंत्रालय ने प्रदेश के सभी ब्लैक स्पॉट को सुधारने 5 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। लिहाजा रोड इंजीनियरिंग में खामी, घुमावदार अंधे मोड़, रोशनी की कमी सहित अन्य कारणों के कारण जिले में 9 ब्लैक स्पॉट तय किए गए हैं। ये ऐसे ब्लैक स्पॉट हैं, जहां पिछले तीन सालों में 56 लोगों ने अपनी जान गंवाई है और 67 लोग घायल हुए हैं। लगातार इन स्थानों पर होने वाली दुर्घटनाओं के कारण ही इसे ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नांकित किया गया।
ज्ञात हो कि इसमें लगातार सुधार की मांग की जा रही थी, लेकिन अब जाकर इसके लिए शासन ने राशि जारी की है। जानकारी के अनुसार प्रदेश स्तर पर 22 जून को राज्य सडक़ सुरक्षा परिषद की बैठक हुई थी। इसके बाद ही राज्य सरकार से मिले निर्देश के अनुसार अब जिले के 9 ब्लैक स्पॉट में सुधार के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यातायात विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ब्लैक स्पॉट में जो खामियां है, उसकी पड़ताल की जा रही है। यहां हुए एक्सीडेंट के कारण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
इसी रिपोर्ट के आधार पर यहां सुधार कार्य किया जाएगा। यातायात प्रभारी दीपेश जायसवाल ने बताया कि ऐसे ब्लैक स्पॉट पहले से चिह्नांकित हैं। पूर्व में एनएच 353 के ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया गया था और आने वाले दिनों में एनएच 53 के ब्लैक स्पॉट में मौजूद खामियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
कोरोना संक्रमण के कारण जारी लॉकडाउन के कारण इस साल के शुरुआती पांच महीने में सडक़ हादसों पर नजर डालें तो साल 2021 में जनवरी से मई तक 187 सडक़ हादसे हुए हैं, जिसमें 104 की मौत हुई और 181 लोग घायल हुए। यातायात पुलिस के मुताबिक जनवरी-मई 2019 में कुल 223 सडक़ हादसे हुए थे, जिसमें 95 लोगों की मौत हुई थी। वहीं जनवरी-मई 2020 में 159 हादसे हुए, जिसमें 74 लोगों की मौत हुई। इस साल मई तक 187 सडक़ हादसे हुए है, जिसमें 104 लोगों की मौतें हुई है, जो पिछले दो वर्ष की तुलना में कहीं अधिक है।
गौरतलब है कि नेशनल और राज्य की सडक़ जहां रोड इंजीनियरिंग या अन्य कारणों से तीन से अधिक बार सडक़ दुर्घटना हो। साथ ही पिछले तीन साल में इन दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत और 3 लोग घायल हुए हो। ऐसे स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नांकित किया जाता है। हर साल 1 जनवरी से 31 दिसंबर तक हुई सडक़ दुर्घटनाओं के बाद ऐसे स्थानों का चिन्हांकन किया जाता है और उसमें पाई जाने वाली खामियां दूर की जाती हैं।