महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 27 जून। क्षेत्र में अब कोरोना की तीसरी लहर से बचने के वैक्सीनशन ने खासा जोर पकड़ लिया है। पंचायत प्रतिनिधि से लेकर मैदानी अमला पटवारी, सचिव, मितानिन, कोटवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा डोर-टू-डोर संपर्क कर पात्र लोगों को वैक्सीन लगवाने प्रेरित किया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की भयावहता को देखते हुए अब पुन: तीसरी लहर आने की चेतावनी के बाद भी क्षेत्रवासी सरकारी गाइड लाइन के पालन में लापरवाही कर रहे हंै। मास्क, सामाजिक दूरी एवं अन्य आवश्यक सावधानियों को नहीं अपना रहे हैं। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीन के प्रति अफवाहों के बाद वैक्सीनेशन का कार्य धीमी गति से चल रहा था परन्तु अब अफसरों कर्मियों के साथ जनप्रतिनिधियों के भी मैदान में उतरने से अब वैक्सीनसन की रफ्तार काफी बढ़ गयी है। विकासखण्ड के प्राय: सभी वैक्सीन सेंटर में खासी भीड़ उमड़ रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष भी जुटे
नगर के कुछ वार्डों में वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार ने अचानक गति तब पकड़ ली, जब नगर पंचायत अध्यक्ष आत्माराम यादव स्वयं लोगों को समझाने निकले।
श्री यादव नगर के एक एक कर सभी वार्डों में घर-घर पहुंच कर समझाइश देकर सभी को वैक्सीन लेने प्रेरित कर घर पर ही वैक्सीनशन करवा रहे हंै। श्री यादव के इस प्रयास का असर दिखने लगा है और लगने लगा है कि पिथौरा शहर जल्द ही शत प्रतिशत वैक्सीनटेड हो जाएगा। उन्होंने घोषणा भी की है कि जो वार्ड पहले पूर्ण वैक्सीनटेड होगा, उसका सम्मान कर 11,000 का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
एसडीएम राकेश कुमार गोलछा ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यक्रम कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि द्वारा प्रेरित किया जा रहा है। इनके साथ स्थानीय प्रशासन से नायब तहसीलदार मॉनिटरिंग कर रहे हंै। इसके अलावा शिक्षक भी घर-घर जाकर जनता को जागरूक कर रहे हंै। वर्तमान में वैक्सीन सेंटरों में जिस तरह भीड़ उमड़ रही है, उससे कहा जा सकता है कि क्षेत्र जल्द ही पूरी तरह वैक्सीनेटेड हो जाएगा।