महासमुन्द
अधिक एलम के प्रयोग के चलते ही पानी हल्का पीले रंग का और गंधयुक्त- जल प्रभारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जून। महासमुंद शहर की 80 हजार आबादी इन दिनों नलों में आ रहे गंदे पानी की सप्लाई को लेकर परेशान है। इन दिनों नलों से हल्के पीले रंग के पानी की सप्लाई हो रही हैं, वहीं उसमें हल्की गंध भी आ रही है। पालिका का इस मामले में कहना है कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि बारिश के कारण महानदी का पानी मिट्टीयुक्त है। ऐसे में प्लांट में पानी फि ल्टर करने के लिए अधिक एलम का प्रयोग करना पड़ रहा है। इसके चलते ही पानी हल्का पीले रंग का और गंधयुक्त है।
हालांकि नगर पालिका का दावा है कि पानी पूरी तरह से साफ और पीने योग्य है। क्योंकि पानी फिल्टर होने के बाद इसकी रोजाना पीएचई के लैब में टेस्टिंग होती है। इसलिए इसे पीने से किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। पालिका प्रशासन के अनुसार बारिश के सीजन में अक्सर ऐसा होता है। क्योंकि फिल्टर प्लांट में पानी की सप्लाई महानदी में बने इंटकवेल से होती है। वहीं महानदी में ही बारिश के कारण गंदा और मिट्टीयुक्त पानी आ रहा है।
नगर पालिका के जल कार्य विभाग के प्रभारी विजय श्रीवास्तव ने बताया कि मटमैले पानी के सप्लाई होने का बड़ा कारण एलम की बढ़ी हुई मात्रा है। इसी के चलते सप्लाई होने वाले पानी का रंग हल्का पीला है। उन्होंने बताया कि बारिश सीजन शुरू होने से पहले फिल्टर प्लांट में करीब 35 सिल्ली 700 किलोग्राम एलम का प्रयोग होता था। वहीं अब करीब 1600 किलोग्राम 80 सिल्ली का प्रयोग फिल्टर प्लांट में हो रहा है। उन्होंने बताया कि एलम पानी साफ करने का काम आता है। इसका कोई नुकसान नहीं होता।
मालूम हो कि महासमुंद शहर में इस वक्त तीन टाइम पानी की सप्लाई की जाती है। गर्मी के सीजन में यह व्यवस्था लागू की गई थी ताकि शहरवासियों को पानी का संकट न हो। लेकिन अब बारिश के कारण पानी की खपत कम हो गई है।
यही कारण है कि तीन के स्थान पर केवल दो टाइम ही पानी सप्लाई की जाएगी। जल प्रभारी ने बताया कि गर्मियों में पानी की आवश्यकता अधिक होती है। इसलिए ही सुबह, दोपहर और शाम को पानी दिया जाता था। अब खपत कम हो गई है, इसलिए इसमें कटौती की जाएगी। अगले दो दिनों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी।