महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जून। जिले में लगभग 60 हजार 18 प्लस कैटेगरी के लोगों ने टीका एप के जरिए रजिस्ट्रेशन के बाद कोरोना का टीका लगवाया है। इनमें से लगभग 4 हजार लोगों को कोवैक्सीन का टीका लगाया गया है। बीते 21 जून से शुरू हुए टीकाकरण महाभियान से अब फिर से कोविन एप के माध्यम से लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
ऐसे में अब कोवैक्सीन का पहला टीका लगवा चुके लोगों को दोबारा कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन करने पर उन्हें पहले डोज के लिए ही अपाइंटमेंट मिल रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि जिसने पहली डोज लगवाई है, उसके लिए टीका एप के जरिए रजिस्ट्रेशन किया गया था। इसलिए उसका डेटा केंद्र सरकार के कोविन एप में ट्रांसर्फर नहीं हो पाया है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की नई व्यवस्था के अनुसार सीजी टीका के जरिए पहली डोज लगने के बाद अब कोविन एप पर दूसरी डोज के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा तो पहली डोज का सर्टिफिकेट लेकर टीकाकरण केंद्र पर जाने से वहीं रजिस्ट्रेशन कर वैक्सीन लगाई जा रही है।
सीजी टीका पोर्टल पर वैक्सीन सर्टिफि केट लेने का ऑप्शन शुरू विभाग से मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे सभी युवा हितग्राही जिन्होंने अब तक कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद पहले टीके का प्रमाणपत्र नहीं लिया है, उनके लिए अब सीजी टीका पोर्टल पर वैक्सीन सर्टिफि केट लेने का ऑप्शन शुरू कर दिया गया है। इस ऑप्शन के जरिए अगर टीका मिलने में कोई दिक्कत आ रही है तो सीएमओ दफ्तर में बनाई गई हेल्पडेस्क में जाकर संपर्क किया जा सकता है। वहां से सर्टिफि केट मिल जाएगा।