महासमुन्द

कलेक्टर पहुंचे दाबपाली, पूर्ण वैक्सीनेशन पर सरपंच को किया सम्मानित
22-Jun-2021 7:48 PM
कलेक्टर पहुंचे दाबपाली, पूर्ण वैक्सीनेशन पर सरपंच को किया सम्मानित

   रोका-छेका की व्यवस्था और उसके फ़ायदे बताए     

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून बागबाहरा विकासखंड दाबपाली पंचायत की सरपंच माहेश्वरी पटेल के लिए ख़ास और यादगार रहा। मालूम हो कि दाबपाली पंचायत आश्रित ग्राम धामनतोरी ग्राम है जो कि सम्पूर्ण रूप से कोरोना मुक्त रहा। यहां पूर्ण वैक्सीनेशन होने पर कलेक्टर डोमन सिंह कल गांव पहुंचे और सरपंच को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। श्रीमती पटेल ने कोविड टीकाकरण शतप्रतिशत कराने और लोगों में जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

कलेक्टर ने इस अवसर पर गांव वालों से कहा कि कोरोना की रफ़्तार धीमी ज़रूर हुई है, पर पूरी तरह ख़त्म नहीं हुआ। इसलिए भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और जाए तो मुंह पर मास्क अवश्य लगाएं। सामाजिक दूरी का पालन करें, हाथों को भी धोते रहें, साफ सफ़ाई का ध्यान रखें। कलेक्टर श्री सिंह ने श्रीमती पटेल और गांववासियों की मांग पर जर्जर मार्ग के लिए 5 लाख लागत की सीमेंट कंक्रीट सीसी रोड भी स्वीकृत की। 

उन्होंने कहा कि मानसून समय पर आने से खेती.किसानी का काम भी शुरू हो गया है। फसल बुआई के कार्य के पूर्व खुले में चराई कर रहे पशुओं के नियंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ राज्य में रोका-छेका प्रथा का प्रभावी ढंग से लागू है। लिहाजा पशुपालक और ग्रामवासी पशुओं को बांधकर रखें अथवा पहटिया की व्यवस्था करें।

 


अन्य पोस्ट