महासमुन्द

भालू के हमले से मृत किसान के शव बरामद करने में वन विभाग को लगे 8 घंटे
21-Jun-2021 7:50 PM
भालू के हमले से मृत किसान के शव बरामद करने में वन विभाग को लगे 8 घंटे

रायपुर से पहुंची टीम भालू को बेहोश कर पाती, वह जंगल की ओर चला गया
भालू शव के आसपास ही घंटों घूमता रहा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जून।
महासमुंद में एक भालू ने खेत में काम कर रहे किसान पर हमला कर उसे मार डाला। घटना शनिवार शाम बागबाहरा वन परिक्षेत्र के कोमाखान के ग्राम भोथा की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची भी, लेकिन तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। रविवार की सुबह टीम गांव पहुंची, लेकिन शव बरामद करने में ही आठ घंटे लग गए। क्योंकि भालू शव के आसपास ही घूम रहा था।

वन विभाग के मुताबिक कोई व्यक्ति घटना स्थल जाने की कोशिश करता तो भालू अत्यधिक आक्रोशित हो रहा था। भालू की हरकत को देख उसे पकडऩे के लिए रायपुर से टीम बुलानी पड़ी, लेकिन उसका भी कोई फ ायदा नहीं हुआ। रायपुर से पहुंची टीम ट्रेंकुलाइज कर भालू को बेहोश कर पाती, इससे पहले ही वह भागकर जंगल की ओर चला गया। भालू के भागने के बाद वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची। मौके पर ग्रामीण के शव के पास ही भालू के शावक का भी शव था। बताया जा रहा है कि शावक की मौत के बाद से भालू खूंखार हो गया था और गुस्से में दोनों के शवों को नोंच डाला था। टीम ने तुरंत दोनों शव को वहां से हटाकर पीएम के लिए भिजवाया। वहीं भालू के शावक का पीएम पश्चात टीम ने जंगल में ही अंतिम संस्कार किया। 

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम भोथा निवासी मृतक लोकसिंह बरिहा शुक्रवार की शाम खेत में काम करने के लिए गया था। शाम को वह वापस अपने घर लौट पाता, इससे पहले ही उसका सामना एक वयस्क भालू से हुआ। यह भालू पहले से ही खूंखार था, इसलिए उसने लोकसिंह पर हमला कर दिया। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन व ग्रामीण उसे खोजने के लिए खेत की ओर गए। यहां ग्रामीणों ने देखा कि वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था और भालू आसपास घूम रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मृतक के परिजनों को वन विभाग की टीम ने 25 हजार की आर्थिक सहायता राशि दी है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी विकास चंद्राकर ने बताया कि शनिवार शाम को सूचना मिली थी कि ग्राम भोथा के लोकसिंह बरिहा को भालू ने मार डाला है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने की वजह से बैरंग वापस लौटना पड़ा। रविवार की सुबह वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, एसडीओ एसएस नाविक व टुहलू पुलिस घटना स्थल पहुंचे। भालू सुबह तक काफी आक्रोशित था। इसका कारण समझ नहीं आ रहा था। ऐसे में ड्रोन मंगाकर उड़ाया गया। तब जाकर पता चला कि जहां ग्रामीण का शव है, वहीं पर एक शावक का शव भी पड़ा है। वन विभाग का कहना है कि यही कारण होगा कि भालू आक्रोशित हो गया था। 

उन्होंने बताया कि आसपास के सभी गांवों में मुनादी करा दी गई है कि अगले 4-5 दिनों तक वहां न जाएं। क्योंकि भालू काफी आक्रोशित है।  रविवार की सुबह जब वन विभाग की टीम पहुंची तो भालू आक्रोशित था। रायपुर से भालू को बेहोश करने के लिए टीम बुलाई गई। वन विभाग की टीम पिंजरा लेकर पहुंची। वहां तक जाने के लिए रास्ता नहीं था। ऐसे में जेसीबी के जरिए दो घंटे में रास्ता तैयार किया गया। 

डीएफ ओ पंकज राजपूत कहते हैं कि प्रारंभिक जांच में शावक का शव दो दिन पुराना लग रहा है। डॉक्टर की मौजूदगी में पीएम के पश्चात शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि उसकी मौत सामान्य है। फिर भी हम सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट