महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 21 जून। विकासखण्ड के उतेकेल के समीप पंचायत प्रतिनिधियों के पुरजोर विरोध एवं एसडीएम कार्यालय से स्थगन के बावजूद डामर प्लांट को सप्ताह भर तक बंद कर पुन: सडक़ ठेकेदार ने चालू कर दिया है। अब ग्रामीणों इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उतेकेल में कोटवारी जमीन में एक खेत के अंदर सडक़ ठेकेदार द्वारा डामर प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट को प्रारम्भ करने के लिए नियमानुसार ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नही लिया गया और न ही पर्यावरण विभाग से ही कोई प्रमाण पत्र लिया गया।
ज्ञात हो कि मार्च में ग्रामीणों द्वारा स्थानीय एसडीएम कार्यालय में इस प्लांट पर आपत्ति दर्ज की थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीएम पिथौरा द्वारा स्थगन दिया गया था। लिहाजा प्लांट को सांकरा पुलिस द्वारा बन्द करवा दिया गया था। परन्तु कल अचानक पुन: डामर प्लांट प्रारम्भ कर दिया गया। जिससे उतेकेल सहित आसपास का क्षेत्र प्रदूषित होने लगा है और कोरोना महामारी के समय ग्रामीणों के लिए ये आफत बन कर आया है।
डामर प्लांट के स्थगन अवमानना के बाद पुलिस द्वारा प्लांट बन्द करवाने पर प्लांट संचालक अजय साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया था कि प्लांट सरकारी सडक़ निर्माण के लिए है। इसलिये वे अफसरों को बोल कर पुन: प्रारम्भ करवा लेंगे। ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि वे अब सीधे मुख्यमंत्री से मिल कर गुहार लगाएंगे।
एसडीएम राकेश कुमार गोलछा ने उक्त मामले में ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि डामर प्लांट चालू करने पर स्थगन दिया गया है जो कि अब भी प्रभावशील है। यदि प्लांट प्रारम्भ कर आदेश की अवमानना की गई होगी तो कार्रवाई की जाएगी।
