महासमुन्द
अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जून। कल देर रात शुरू हुई बारिश आज सुबह तक रुक-रुक कर जारी रही। कहा जा रहा है कि तीन द्रोणिकाओं के असर से जिले में आगामी तीन दिनों तक अच्छी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इसकी संभावना जताई है और अगले तीन दिनों के लिए अलर्ट भी जारी किया है।
गुरूवार के लिए मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने महासमुंद जिले को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। लिहाजा सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं बह रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक जिले के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह कल शुक्रवार और शनिवार के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जिले के अधिकांश हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। मौसम में हो रहे बदलाव और प्री मानसून का असर बुधवार रात से दिखने लगा है। कल बुधवार को महासमुंद जिले के सरायपाली और बसना ब्लॉक को छोडक़र शेष तीन ब्लॉक में कुल 13.7 मिमी बारिश हुई। सर्वाधिक 27.5 मिमी बारिश पिथौरा ब्लॉक में दर्ज की गई। इसी तरह महासमुंद ब्लॉक में 24 और बागबाहरा ब्लॉक में 17.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग कहता है कि मौसम में आए बदलाव का कारण तीन द्रोणिकाओं के साथ एक टर्फ का बनना है। इसी के असर से जिले में बारिश होगी। यही नहीं 11 जून से बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया बनेगा, जिसके और अधिक प्रबल होने की भी संभावना है। इसी के असर से आगामी तीन दिनों तक जिले में अच्छी बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका दक्षिण ओडिशा से दक्षिण गुजरात तक 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक द्रोणिका उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल से दक्षिण ओडिशा तक 5.8 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। वहीं तीसरी द्रोणिका दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के दक्षिणी भाग होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। इसके अलावा एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्व मध्य और उससे लगे उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में 4.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है।