महासमुन्द

सरपंच-पूर्व सचिव पर डिजिटल हस्ताक्षर से डेढ़ लाख निकालने का आरोप
10-Jun-2021 5:04 PM
सरपंच-पूर्व सचिव पर डिजिटल हस्ताक्षर  से डेढ़ लाख निकालने का आरोप

जांच कराई जा रही है- सीईओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
पिथौरा, 10 जून।
जनपद पंचायत क्षेत्र के बिजेमाल में नए पंचायत सचिव के प्रभार लेने के बाद सरपंच एवं पूर्व सचिव द्वारा करीब डेढ़ लाख रुपये का अवैध आहरण का आरोप है। वर्तमान सचिव द्वारा पूरे मामले की जानकारी स्थानीय जनपद सीईओ को देने के बाद सीईओ द्वारा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए है। 

ज्ञात हो कि 14वें एवं 15वें वित्त आयोग मद में जारी फंड में गड़बड़ी के अनेक मामले सामने आ चुके हैं।
इस संबंध में नवपदस्थ ग्राम पंचायत सचिव सुखसागर जगत से ‘छत्तीसगढ़’ ने सम्पर्क किया, तो उन्होंने चर्चा में बताया कि उनकी पदस्थापना सचिव बिजेमाल के पद पर हुई है। इस पद पर उन्होंने विगत 27 फरवरी को प्रभार सम्हाल लिया था, परन्तु अचानक मार्च के पहले ही दिन सरपंच एवं स्थानांतरित सचिव ने अपने डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग करते हुए 15वें वित्त मद से एक लाख चालीस हजार रुपये निकल लिए। जब वे पंचायत की पासबुक इंट्री करवाने बैंक गए, तब उन्हें उक्त बड़े आहरण का पता चला। इसके बाद उन्होंने नियमानुसार पिथौरा सीईओ को एक आवेदन के माध्यम से मामले से अवगत करवा दिया है।

स्थानीय जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप प्रधान ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उक्त मामले की जानकारी उन्हें है। वे इसकी जांच करवा रहे है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उक्त संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने बिजेमाल सरपंच से चर्चा हेतु सम्पर्क का प्रयास किया गया, परन्तु उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया, जिससे उनका पक्ष नहीं लिया जा सका। 
 


अन्य पोस्ट