महासमुन्द

वार्डवासियों की आबकारी टीम से झड़प, आखिरकार शराब से भरी गाड़ी वेयरहाउस लाई गई
10-Jun-2021 5:01 PM
वार्डवासियों की आबकारी टीम से झड़प, आखिरकार शराब से भरी गाड़ी वेयरहाउस लाई गई

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जून।
एकता चौक स्थित जिस अंग्रेजी शराब दुकान से रातोंरात शराब की बोतलों को हटाकर त्रिमूर्ति कॉलोनी में शिफ्ट किया गया था, बुधवार शाम फिर से उसी दुकान में विभाग शराब रखने पहुंचा। फिर से शराब दुकान एकता चौक में खुलने की शंका को लेकर वार्डवासियों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान आबकारी अमले से वार्डवासियों की झड़प भी हुई। आखिरकार विरोध के बाद विभाग ने शराब से भरी गाड़ी को वहां से हटाकर वेयर हाउस में खड़ी कर दी।

रात में शराब शिफ्ट न हो इसलिए वार्डवासी व भाजपा के जनप्रतिनिधि दुकान के सामने धरने पर बैठ गए। चर्चा है कि शराब से भरी गाड़ी को खाली कराना विभाग का सिर दर्द बन गया है। क्योंकि इसी दुकान से रातों रात शराब दुकान हटाया गया था। दूसरी ओर त्रिमूर्ति कॉलोनी के लोग दुकान से शराब हटने के बाद राहत की सांस ले रहे हैं। क्योंकि पिछले तीन दिनों से लगातार कॉलोनीवासी शराब दुकान खोलने के विरोध में डटे हुए थे। विभाग का कहना है कि फिलहाल शराब दुकान कहां खोली जाएगी, यह तय नहीं है। इसलिए जब तक जगह तय नहीं होता शराब की खेप बरोंडा चौक स्थित वेयर हाउस में ही रहेगी।

मालूम हो कि एकता चौक वार्डवासी शराब दुकान हटने के बाद से काफी खुश थे। यही कारण है कि वार्डवासियों ने विधायक का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया था, लेकिन फिर से दूसरे दिन शराब की खेप जब दुकान पहुंची तो वार्डवासी मायूस हो गए। वार्डवासियों का कहना है कि एक बार दुकान खाली हो गया है। अब यहां दोबारा शराब दुकान खोलने नहीं दिया जाएगा, चाहे कुछ भी हो जाए। लिहाजा फिर से तुमगांव रोड स्थित एकता चौक की दुकान में शराब शिफ्ट करने पहुंचे विभाग के अधिकारियों को विरोध झेलना पड़ा। इस बीच वार्डवासियों व अधिकारियों के बीच झड़प भी हुई, फिर माहौल को बिगड़ता देख अधिकारी शराब से भरी ट्रक को वहां से ले गए और वेयर हाउस में खड़ी कर दिया। सूचना पाकर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, पार्षद देवीचंद्र राठी, मीना वर्मा मौके पर पहुंचे और दुकान के सामने धरने पर बैठ गए। ताकि रात में चोरी छिपे विभाग दुकान में शराब शिफ्ट न कर सके। वार्डवासियों का कहना है कि जब रातों रात दुकान का सामान त्रिमूर्ति कॉलोनी में शिफ्ट किया जा सकता है तो यहां भी ऐसा ही हो सकता है। इसलिए रात में भी दुकान के सामने पहरा जारी रहेगा।

गौरतलब है कि एकता चौक में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान का विरोध वार्डवासी पिछले दो साल से कर रहे हैं। वार्डवासियों ने कई बार इसे लेकर धरना दिया और आंदोलन किया। लेकिन दुकान नहीं हटाया जा सका। दो महीने पहले वार्डवासियों आर-पार की लड़ाई के मूड से आंदोलन शुरू किया। आंदोलन पर संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर भी मौके पर पहुंचे और उनके सामने ही आबकारी विभाग के अधिकारियों ने 15 दिन के भीतर शराब दुकान को शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। इसके बाद शराब दुकान तलाशने का काम शुरू हुआ। इस बीच जानकारी मिली कि ग्राम पंचायत बेमचा के आसपास अंग्रेजी शराब दुकान खोली जाएगी। इसकी सूचना पाकर बेमचा के जनप्रतिनिधियों ने विरोध शुरू कर दिया और दुकान खोलने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। वहीं दो महीने बाद भी शराब दुकान नहीं हटाए जाने से नाराज एकता चौक वार्डवासियों ने फिर से आंदोलन शुरू कर दिया। इस बीच संसदीय सचिव ने भी वार्डवासियों के समर्थन में उतर आए थे।
 


अन्य पोस्ट