महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासंमुद, 9 जून। छग स्टेट पावर कंपनी के कार्यरत विद्युत संविदाकर्मी नियमितीकरण की मांग को लेकर 16 जून को अपने-अपने ब्लॉक मुख्यालय में एक दिवसीय सांकेतिक कामबंद हड़ताल करेंगे। हड़ताल की जानकारी संविदा कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्मय से कलेक्टर व महासमुंद अधीक्षण अभियंता को दे दी है।
छग पॉवर कंपनी के कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने बताया कि महासंघ के माध्यम से संविदाकर्मियों के नियमितीकरण के लिए वर्ष 2019-20 से पत्राचार एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा है। कंपनी प्रबंधन द्वारा पूर्व में दो बार सौहाद्र्रपूर्ण वार्तालाप के माध्यम से नियमितीकरण के लिए आश्वासन महासंघ को दिया गया है। 2 जुलाई 2019 को कंपनी प्रबंधन के नियमितीकरण के लिए संविदाकर्मियों की जानकारी एकत्र किया था। कंपनी में कार्यरत समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी वर्ग का पदोन्नति प्रदान किया गया। प्रतिवर्ष कंपनी में पारेषण एवं वितरण कंपनी के विद्युत लाइनों का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिसके रखरखाव में संविदा कर्मियों का विशेष योगदान है। इसके अलावा प्रतिवर्ष नियमित लाइन कर्मियों की संख्या कम होती जा रही है, लेकिन कंपनी प्रबंधन द्वारा अभी तक संविदा नियमितीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं किया है, जिस कारण पावर कंपनी में कार्यरत जिले के 40 व प्रदेश में 2500 कर्मचारी प्रबंधन के उदासीन रवैए से हताश एवं आक्रोशित है। विद्युत विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों का कार्य अत्यंत जोखिम पूर्ण है और सदैव दुर्घटना होने की संभावनाएं बनी रहती है।
कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2016 से वर्तमान तक सैकड़ों दुर्घटनाएं संविदा कर्मचारियों के साथ हो चुकी है। इसके अतिरिक्त 20 लोगों की विद्युत दुर्घटना व 3 लोगों की कोरोना वायरस से सेवाकाल के दौरान मौत हुई है।